
अयोध्या में 12 साल की लड़की से गैंगरेप के आरोपी सपा नेता मोईद खान का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स गुरुवार, 22 अगस्त को ढहा दिया गया। 3 जेसीबी और एक पोकलैंड मशीन ने 5 घंटे में 2 मंजिला बिल्डिंग को जमींदोज कर दिया। अब मलबे को हटाया जा रहा है। करीब 3 करोड़ का कॉम्प्लेक्स 4000 स्क्वायर फीट में बना था। PAC की 4 कंपनी और कई थानों की फोर्स इस दौरान मौके पर रही। प्रशासन का दावा है- शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तालाब और चकरोड पर अवैध तरीके से बनाया गया था। इसका नक्शा भी पास नहीं हुआ था।19 दिन पहले सपा नेता मोईद खान की 3000 वर्ग फीट पर बनी बेकरी पर बुलडोजर चला था। अयोध्या में नाबालिग से 12 जुलाई को गैंगरेप का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने सपा नेता मोईद और उसके नौकर राजू को गिरफ्तार किया था। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद घटना का जिक्र विधानसभा में किया था। गैंगरेप पीड़ित का अबॉर्शन हो चुका है। घर पर 25 से ज्यादा पुलिसकर्मी उसकी सुरक्षा के लिए तैनात हैं। गैंगरेप का आरोपी 65 साल का मोईद अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी है।