आज सेवानिवृत्त होंगे नेहरू युवा केंद्र संगठन के राज्य निदेशक
संगठन को परिवार की तरह चलाने वाले निदेशक डॉ.शुक्ला

नेहरू युवा केंद्र संगठन, मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक डॉ सुरेंद्र शुक्ला 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अपने 35 वर्ष के उत्कृष्ट कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।सकारात्मक ऊर्जा से भरा डॉ. सुरेंद्र शुक्ला का व्यक्तित्व युवाओं का आकर्षित करता है। विषम परिस्थिति में भी युवाओं की बेहतरी के लिए कार्य करने का जज्बा उन्हें अन्य लोगों से अलग खड़ा करता है। वह सदैव युवाओं के मार्गदर्शन और मदद के लिए तैयार रहते हैं। यही कारण है कि आज देशभर में उन्हें चाहने वालों में युवाओं की तादात सबसे अधिक है।
कई उपलब्धियों से भरा रहा 35 वर्ष का कार्यकाल
अपने 35 वर्ष के लंबे कार्यकाल के दौरान डॉ शुक्ला ने मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से सफलता के नए कीर्तिमान रचे। उन्होंने प्रवासी भारतीय दिवस, राष्ट्रीय युवा संसद सहित कई कार्यक्रमों के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल के दौरान स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता, एड्स नियंत्रण तथा व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्र में कई उपलब्धियां संगठन ने हासिल की।