लोकसभा चुनाव में भाजपा के ढोल की पोल खुल गई
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार सोशल साइट एक्स के माध्यम से भाजपा पर हमलावर
![](https://marutiwani.com/wp-content/uploads/2024/05/1699334118-4243-780x465.webp)
मध्य प्रदेश में भले ही लोकसभा चुनाव 2024 के सभी चार चरणों की वोटिंग पूरी हो गई, लेकिन नेताओं की जुबानी जंग जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार सोशल साइट एक्स के माध्यम से भाजपा पर हमलावर है। नाथ हर दिन कुछ न कुछ एक्स (ट्वीट) कर खबरों में बने रहते हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने पोस्ट कर लिखा कि इस लोकसभा चुनाव में भाजपा के ढोल की पोल खुल गई है। भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही चुनाव को सांप्रदायिक रंग देने और जनता को बुनियादी मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। लेकिन, जनता शिक्षा, रोज़गार, महंगाई और विकास जैसे बुनियादी मुद्दों पर टिकी हुई है। यह चुनाव देश की जनता की जागृति की अद्भुत मिसाल है। जनता को समझ में आ गया है कि देश का विकास मतलब जन-जन का विकास होता है। कमलनाथ ने अपने आगे लिखा कि अब भारत के 140 करोड़ लोगों को अच्छी तरह समझ आ गया है कि देश के विकास का मतलब जन-जन का विकास होता है। यह विकास तब तक नहीं हो सकता, जब तक नौजवान को रोजगार, किसानों को फसल का उचित मूल्य, महिलाओं को आर्थिक सहायता, व्यापारी को व्यापार करने का अनुकूल माहौल और समाज के वंचित वर्ग को बराबरी की हिस्सेदारी नहीं मिलती। कमलनाथ ने कहा है कि कांग्रेस के न्याय पत्र ने देश के नागरिकों में नई आशा और ऊर्जा का संचार किया है। चुनाव के पहले चार चरणों में मतदाता कांग्रेस के पक्ष में आए हैं और बाकी के तीन चरण में उससे भी ज्यादा समर्थन कांग्रेस पार्टी को देने वाले हैं।