

पाकिस्तान में शनिवार को बलूचिस्तान में विद्रोहियों द्वारा भीषण हमला किया गया. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा किए गए हमलों में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. BLA के दावों के अनुसार, पाकिस्तान सेना, पुलिस और फ्रंटियर कॉर्प्स के 200 से अधिक कर्मी मारे गए हैं और कम से कम 17 लोगों को बंदी बनाया गया है. संगठन ने इन आंकड़ों को प्राइमरी अनुमान बताया और संकेत दिया कि वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है. हमले एक साथ कई शहरों में किए गए, जिससे सुरक्षा तंत्र को भारी नुकसान उठाना पड़ा. वहीं, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने जवाबी कार्रवाई में 140 विद्रोहियों के मारे जाने की बात कही है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के अनुसार, कम से कम दो हमलों में महिला हमलावर शामिल थीं. BLA ने कहा है कि इन हमलों में दो महिला हमलावर शामिल थीं, जिनमें से एक की पहचान 24 वर्षीय आसिफा मेंगल के रूप में की गई है.
BLA के अनुसार, आसिफा मेंगल बलूचिस्तान के नुशकी क्षेत्र की रहने वाली थीं. उसके पिता का नाम मोहम्मद इस्माइल है. 2 अक्टूबर 2002 को जन्मी आसिफा ने अपने 21वें जन्मदिन पर मजीद ब्रिगेड जॉइन की थी. यह BLA की वही इकाई मानी जाती है जो आत्मघाती हमलों को अंजाम देती रही है. BLA ने कहा, ‘आसिफा मेंगल 2 अक्टूबर 2023 को मजीद ब्रिगेड में शामिल हुई थी और जनवरी 2024 में उसने फिदायीन बनने का फैसला किया.’ संगठन के मुताबिक उसकी मौत शुक्रवार को हुई. उसने नोशकी में आईएसआई (इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस) मुख्यालय को निशाना बनाते हुए वाहन-जनित विस्फोटक (VBIED) हमले को अंजाम दिया
वहीं दूसरी महिला हमलावर की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन BLA ने उसकी तस्वीरें जारी की हैं. कुछ इंडिपेंडेंट लोगों ने दावा किया है कि दूसरी महिला का नाम हवा बलोच है. उसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह अन्य लड़ाकों के साथ दिखाई देती है. उसमें वह हथियार थामे मुस्कुराते हुए पाकिस्तान सरकार पर बलोच महिलाओं के दमन के आरोप लगाती सुनाई देती है और कहती है कि सरकार सीधे मुकाबले की क्षमता नहीं रखती. रिपोर्ट्स के मुताबिक हवा बलोच एक लेखिका थीं. उसके पिता भी बलूच विद्रोह से जुड़े हुए थे. उनकी कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी है.


