राजनीतिक

नागपुर की 55वीं महापौर बनीं भाजपा की नीता ठाकरे, लीला हातिबेद को मिली डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी

महाराष्ट्र निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब अलग-अलग नगर निगमों में महापौर का चुने जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पार्षद नीता ठाकरे शुक्रवार को नागपुर नगर निगम की 55वीं महापौर निर्वाचित हुईं।

भारतीय जनता पार्टी की पार्षद नीता ठाकरे शुक्रवार को नागपुर नगर निगम की 55वीं महापौर निर्वाचित हुईं। वहीं, उनकी सहयोगी पार्षद लीला हातिबेद को डिप्टी महापौर चुना गया। नगर निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, महापौर और डिप्टी महापौर के चुनाव हाथ उठाकर मतदान की प्रक्रिया के जरिए संपन्न हुए।

नीता ठाकरे को 104 वोट मिले
महापौर पद के चुनाव में नीता ठाकरे को 104 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार स्नेहल ठाकरे को 36 वोट प्राप्त हुए। इस दौरान 11 पार्षदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। एक अधिकारी ने बताया कि पीठासीन अधिकारी और नागपुर कलेक्टर विपिन इटांकर ने औपचारिक रूप से नीता ठाकरे को नागपुर नगर निगम का महापौर घोषित किया। डिप्टी महापौर के चुनाव में भी लीला हातिबेद को 104 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विवेक निकोसे को 36 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में भी 11 सदस्यों ने मतदान नहीं किया।

महापौर चुने जाने के बाद नीता ठाकरे ने कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में नागपुर के सर्वांगीण विकास को गति देना होगा।

इसके साथ ही, महापौर नीता ठाकरे ने भाजपा पार्षद नरेंद्र उर्फ बालिया बोरकर को नागपुर नगर निगम में सत्ताधारी दल का नेता घोषित किया, जबकि कांग्रेस पार्षद संजय महाकालकर को विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जालना की निर्विरोध महापौर चुनी गईं भाजपा की वंदना मागरे  
भाजपा पार्षद वंदना मागरे को शुक्रवार को महाराष्ट्र के जालना नगर निगम (जेएमसी) की महापौर चुना गया। उन्हें निर्विरोध चुना गया, क्योंकि किसी अन्य पार्टी ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारा। भाजपा के एक अन्य पार्षद राजेश राउत को भी उपमहापौर के पद के लिए निर्विरोध चुना गया।

भाजपा की हिमगौरी आडके नासिक की महापौर चुनी गईं, शिवसेना को मिला उपमहापौर पद
भाजपा की हिमगौरी आहेर-आडके को शुक्रवार को नासिक नगर निगम (एनएमसी) का महापौर और शिवसेना के विलास शिंदे को उप महापौर चुना गया। भाजपा ने आखिरी समय में शिवसेना को अपने साथ लेने का फैसला किया, और पार्टी की उम्मीदवार सीमा पवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे हिमगौरी के महापौर बनने का रास्ता साफ हो गया। भाजपा ने एनएमसी चुनाव अकेले लड़ा था, जबकि शिवसेना और राकांपा ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। 122 सदस्यों वाली एनएमसी में भाजपा के 72 पार्षद हैं, जबकि शिवसेना के 26, शिवसेना (उबाठा) के 15, राकांपा के चार, कांग्रेस के तीन और मनसे का एक पार्षद है।

भाजपा की सुजाता पाटिल नवी मुंबई की महापौर चुनी गईं
इससे पहले गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की सुजाता पाटिल को बृहस्पतिवार को नवी मुंबई महानगरपालिका (एनएमएमसी) का महापौर निर्विरोध चुना गया। वहीं दशरथ भगत उपमहापौर बने।नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि महापौर पद के लिए सरोज रोहिदास पाटिल और उपमहापौर पद की दौड़ से आकाश बालकृष्ण माधवी द्वारा अपना नाम वापस ले लेने के बाद सुजाता व दशरथ को निर्विरोध चुना गया। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button