माननीय राज्यपाल मंगुभाई पटेल जी ने गणतंत्र दिवस परेड 2026 में सहभागी मध्य प्रदेश गणतंत्र दिवस परेड 2026 के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को लोकभवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में सम्मानित किया।
जब युवा खड़ा हो अनुशासन की ढाल लिए, सेवा का दीप जब हाथों में जले। तब इतिहास खुद करवट बदलता है, और भविष्य स्वर्णिम पथ पर चलता है।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल महोदय ने स्वयंसेवकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, कठोर प्रशिक्षण एवं समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए।
राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र “स्वयं से पहले आप (Not Me But You)” को देश की राजधानी नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर साकार करने वाले मध्य प्रदेश के कुल 8 चयनित स्वयंसेवकों ने गणतंत्र दिवस परेड 2026 में प्रदेश का गौरव बढ़ाया। परेड से लौटने के उपरांत स्वयंसेवकों ने राजभवन में माननीय राज्यपाल महोदय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान स्वयंसेवकों ने परेड एवं दिल्ली प्रवास के दौरान प्राप्त अपने अनुभवों को साझा किया तथा छायाचित्रों के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान महामहिम राष्ट्रपति जी से माय भारत राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार प्राप्तकर्ता सुश्री आयुषी सिन्हा एवं श्री सोमित दुबे ने भी अपने अनुभव एवं उपलब्धियों की जानकारी छायाचित्रों के माध्यम से माननीय राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत की।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) श्री अनुपम राजन ने स्वागत भाषण देते हुए स्वयंसेवकों की चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं गणतंत्र दिवस परेड हेतु किए गए कठोर अभ्यास की विस्तृत जानकारी माननीय राज्यपाल को प्रदान की।
माननीय राज्यपाल महोदय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस परेड केवल एक मार्च पास्ट नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। स्वयंसेवकों की अनुशासित कदमताल यह दर्शाती है कि देश का युवा प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व करने में सक्षम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि दिल्ली से प्राप्त अनुशासन, ऊर्जा एवं नेतृत्व गुणों का उपयोग वे अपने गांव, शहर एवं समाज के सर्वांगीण विकास में करें।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ईटीआई (ETI) प्रशिक्षक एवं मुक्त इकाई कार्यक्रम अधिकारी श्री राहुल सिंह परिहार की विशेष उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सुश्री आयुषी सिन्हा एवं श्री सोमित दुबे की उपस्थिति ने नवोदित स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। वरिष्ठ एनएसएस स्वयंसेवकों की सहभागिता ने अनुशासन, समर्पण एवं भाईचारे का सशक्त संदेश दिया।
आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग श्री प्रबल सिपाहा जी ने आभार व्यक्त करते हुए माननीय राज्यपाल महोदय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय भोपाल के उप कार्यक्रम सलाहकार श्री अशोक कुमार श्रोती, राज्य एनएसएस अधिकारी श्री मनोज कुमार अग्निहोत्री, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (प्रकोष्ठ) भोपाल के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनंत कुमार सक्सेना सहित समस्त अधिकारियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी अवसर पर माननीय राज्यपाल महोदय द्वारा MY Bharat पोर्टल पर संचालित “My Budget Quest 2026” प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया। यह प्रतियोगिता युवाओं में केंद्रीय बजट की समझ विकसित करने, नीति निर्माण से जोड़ने तथा विकसित भारत की संकल्पना पर संवाद को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। माननीय राज्यपाल महोदय ने इस पहल की सराहना करते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


