
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पिछले महीने विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत में साजिश की संभावना है। उन्होंने इस मामले की कई विशेषज्ञ एजेंसियों से पूरी जांच की मांग की।
हालांकि, एनसीपी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार पहले इस हादसे में साजिश की संभावना को खारिज कर चुके हैं। उन्होंने इसे दुर्घटना बताया था।
विधायक रोहित पवार ने क्या कहा?
-
- रोहित पवार ने कहा कि विमान चालक कैप्टन सुमित कपूर का रिकॉर्ड सवालों के घेरे में था।
- उन्होंने बताया कि कैप्टन सुमित कपूर को पहले शराब पीने के कारण तीन साल के लिए निलंबित किया गया था।
- रोहित पवार ने कहा कि अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के पास जांच की पूरी शक्ति नहीं है, इसलिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से जांच करवाई जाए।
वीएसआर कंपनी पर क्या सवाल उठाए?
उन्होंने वीएसआर कंपनी पर भी आरोप लगाया कि इस कंपनी का विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों पर प्रभाव है और कंपनी कुछ भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि 2023 में वीएसआर कंपनी के विमान की जांच रिपोर्ट जमा हो चुकी है, फिर भी उच्च पदस्थ नेताओं की ओर से कंपनी के विमानों का इस्तेमाल जारी है।
‘फ्लाइट बुक करने के लिए मजबूर होना पड़ा’
रोहित पवार ने भावुक होते हुए कहा कि कई लोगों को अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि अजित पवार अब इस दुनिया में नहीं हैं। हादसे के बाद उनका जला हुआ स्वेटर, घड़ी और चप्पल मिली थीं, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो गया। उन्होंने कहा कि एक ग्रुप में शाम 7:13 बजे एक संदेश भेजा गया, जिसमें कहा गया कि कल सुबह आठ बजे बारामती जाना है। दादा (अजित पवार) ने कार से जाने का फैसला किया था। सभी कारें सड़क से दौरे के लिए तैयार थीं। उनके दौरे की योजना एक दिन पहले बनाई गई थी। यह आखिरी समय का फैसला था।
उन्होंने दावा किया कि उड़ान से पहले की कई संदिग्ध बातें सामने आई हैं। सुबह 7:02 बजे क्रू मौजूद था। 7:03 बजे दृश्यता की जांच की गई। 7:10 बजे सबकुछ ठीक बताया गया। 7:50 बजे अजित पवार हवाई अड्डे पहुंचे और 8:10 बजे विमान ने उड़ान भरी। काफिला बारामती जाने के लिए उनके बंगले के बाहर तैयार था। एक वरिष्ठ नेता उनसे मिलने आ रहे थे, जो देर से आए और वह सड़क से यात्रा नहीं कर सके और उन्हें उड़ान बुक करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
हादसे में कितने लोग मारे गए थे?
विमान हादसे में अजित पवार, कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट शांभवी पाठक, पीएसओ विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौत हुई थी। घटना 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे के पास हुई।
विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू ने कहा था कि दुर्घटना की जांच समयबद्ध तरीके से की जाएगी। विमान हादसा जांच ब्यूरो (एएआईबी) और डीजीसीए ने घटनास्थल का दौरा किया और विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद किया। महाराष्ट्र सीआईडी ने इस विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है।