खेलमध्य प्रदेश
मेहनत व समर्पण से जीवन में लक्ष्य की प्राप्ति संभव – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
स्पोर्ट्स काम्पलेक्स रीवा में 10 मीटर शूटिंग रेंज का किया शुभारंभ


भोपाल 23 नवम्बर 2025’उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मेहनत व समर्पण से ही जीवन में लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। उन्होंने कहा कि जीवन में शार्टकट का कोई स्थान नहीं है। लक्ष्य को निर्धारित कर पूरे मनोभाव से कार्य करने पर ही सफलता मिलती है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स रीवा में 10 मीटर शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया। उन्होंने पिस्टल एवं राइफल से शूटिंग लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स की स्थापना से खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रैक्टिस की सहूलियत मिली है। बड़े शहर में खेल के लिए स्पोर्ट्स काम्पलेक्स अत्यंत आवश्यक है। रीवा का स्पोर्ट्स काम्पलेक्स भी इस कमी को पूरा कर रहा है। उन्होंने विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग ले रहे खिलाड़ियों से आह्वान किया कि पूरे मनोयोग से अपने खेल में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना व अपने शहर का नाम रोशन करें। उन्होंने स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में अनवरत चल रही विभिन्न खेल गतिविधियों के आयोजन के लिए संभागीय खेल अधिकारी के समर्पण भाव की प्रशंसा भी की।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने एमपी स्टेट मास्टर एथलेटिक्स मीट 2025 के विभिन्न खेल गतिविधियों में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि स्पोर्ट्स काम्पलेक्स रीवा के लिए अद्वितीय उपलब्धि है। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

