भारतीय मजदूर संघ गांव से महानगरों तक चलाएगा जागरुकता अभियान
रवीन्द्र भवन में भारतीय मजदूर संघ के 70 वर्ष में प्रवेश करने के उद्घाटन समारोह कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे हजारों कार्यकर्ता


भोपाल, 21 जुलाई। भारतीय मजदूर संघ 70 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इसे ऐतिहासिक बनाने सभी प्रांतों और 40 महासंघों, 5778 यूनियनों के कार्यकर्ता गांव से लेकर महानगरों तक जागरुकता अभियान चलाएंगे। इसके अंतर्गत भारतीय मजदूर संघ के 70 साल के कार्य, आने वाले वर्षों में श्रमिकों को पूरी तरह से सक्षम बनाने के लिए भारतीय मजदूर संघ के प्रयासों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही भारतीय मजदूर संघ पंच परिवर्तन के विषय पर समाज में श्रमिकों के बीच पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन, समरसता, नागरिक कर्तव्य और स्वदेशी के विषयों पर भी कार्य करेगा। ये बातें भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री रवींद्र हिमते ने भारतीय मजदूर संघ के 70 वर्ष के पदार्पण के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रेसवार्ता में कही। भारतीय मजदूर संघ 23 जुलाई को 70 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस उपलक्ष्य में ठेंगड़ी भवन भारत माता चौराहा से लेकर रवींद्र भवन तक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। रवीन्द्र भवन में आयोजित हो रहे कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबले और वी भागैया करेंगे। समारोह का आयोजन 23 जुलाई को अपराह्न 3.30 बजे होगा।



