मध्य प्रदेश

उप मुख्यमंत्री ने नौसेना अध्यक्ष का किया नागरिक अभिनंदन

विन्ध्य के सपूतों ने आपरेशन सिंदूर में अप्रतिम वीरता दिखाकर देश का गौरव बढ़ाया है - उप मुख्यमंत्री एडमिरल दिनेश त्रिपाठी अपने गांव ही नहीं पूरे देश का गौरव हैं - उप मुख्यमंत्रीगांव और सैनिक स्कूल से मिले संस्कारों ने मेरे जीवन को सही दिशा दी - नौसेना अध्यक्ष आत्मविश्वास और सतत परिश्रम से ही सफलता मिलती है - नौसेना अध्यक्ष

समारोह में एडमिरल त्रिपाठी ने शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल महुडर के प्राचार्य को आईएनएस विक्रांत जलपोत प्रतिकृति भेंट की। श्री त्रिपाठी ने स्कूल में दो मॉडल कक्षों के निर्माण के लिए दो लाख रुपए की राशि प्रदान की। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने गजमाला से एडमिरल त्रिपाठी का अभिनंदन किया। समारोह में एडमिरल त्रिपाठी की धर्मपत्नी श्रीमती शशि त्रिपाठी का भी अभिनंदन किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग में सफलता प्राप्त करने वाले शैलेश मिश्रा और प्रियांशु पाण्डेय को सम्मानित किया गया। समारोह में सैनिक स्कूल रीवा के प्राचार्य कर्नल अविनाश रावल ने नौसेना अध्यक्ष श्री त्रिपाठी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। समारोह की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त सीसीएफ डॉ एसपीएस तिवारी ने एडमिरल त्रिपाठी का स्वागत करते हुए बचपन की स्मृतियों के रोचक संस्मरण सुनाए। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार तथा अमर उजाला के सलाहकार संपादक संजय पाण्डेय, प्रकल्प सिंह तिवारी एवं सज्जन सिंह तिवारी ने भी एडमिरल त्रिपाठी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। समारोह में एकेएस यूनिवर्सिटी के संचालक एके सोनी ने अपने विश्वविद्यालय की पुस्तिका उप मुख्यमंत्री और एडमिरल त्रिपाठी को भेंट की। समारोह में पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती संगीता सिंह तिवारी, सरपंच महुडर इन्द्रमनिया देवी, जनपद सदस्य आरती तिवारी, संतोष मिश्रा, राजेन्द्र शुक्ला, शशिकांत सिंह तिवारी, महेन्द्र पाण्डेय, बद्रीविशाल तिवारी, रामनरेश निष्ठुर तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार जयराम शुक्ल ने किया।

भोपाल 31 अक्टूबर 2025. आज का दिन विन्ध्य क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश के लिए गौरव का दिन रहा, जब उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सतना जिले के ग्राम महुडर में नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का भव्य नागरिक अभिनंदन किया। महुडर, एडमिरल त्रिपाठी का गृहग्राम है, और इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि विन्ध्य की माटी के सपूत का उनके घर पर नागरिक अभिनंदन करना हम सबका गौरव बढ़ा रहा है। हमारे लिए यह बहुत सौभाग्य की बात है कि नौसेना अध्यक्ष श्री त्रिपाठी और थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी विन्ध्य के सपूत हैं। दोनों ने सैनिक स्कूल रीवा से शिक्षा ग्रहण कर सेना में सर्वोच्च पद प्राप्त किया है। विन्ध्य के इन दोनों सपूतों ने आपरेशन सिंदूर में अप्रतिम साहस और वीरता दिखाकर विन्ध्य ही नहीं पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। आज इस परिसर में हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशी और हृदय में गर्व का भाव है। ऐसा क्षण जीवन में विरले ही प्राप्त होता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर श्री त्रिपाठी ने नौसेना अध्यक्ष जैसा बड़ा पद प्राप्त करके हम सबको गौरव की अनुभूति कराई है। नौसेना अध्यक्ष की सरलता, सहजता, पराक्रम और अपनी माटी के प्रति प्रेम अनुकरणीय है। एडमिरल त्रिपाठी आज भी अपनी गांव की माटी से जुड़े हुए हैं। भगवान की विन्ध्य और महुडर की माटी पर विशेष कृपा है जहाँ एडमिरल त्रिपाठी जैसे व्यक्ति ने जन्म लिया है। समारोह में नौसेना अध्यक्ष एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि मैं गरीब परिवार का गांव का बेटा हूँ। मुझे गांव और सैनिक स्कूल से मिले संस्कारों ने ही जीवन को नई दिशा दी। मेरे चाचा जी श्री रामलखन शर्मा ने बचपन से ही शिक्षा और अच्छे कॅरियर के लिए प्रोत्साहित किया। सैनिक स्कूल में शिक्षा के दौरान मैंने अपने कॅरियर के संबंध में महत्वपूर्ण योजना बनाई। सैनिक स्कूल के अनुशासन और परिश्रम ने मेरी सफलता का मार्ग प्रशस्त किया। मैंने हमेशा अपने सम्पर्क और संबंधों को महत्व दिया। सेना में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए मुझे इससे बहुत लाभ मिला। विन्ध्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हमारे क्षेत्र की कई प्रतिभाएं अलग-अलग क्षेत्रों में अपने प्रतिभा के जौहर दिखा रही हैं।
एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा करने की कार्ययोजना बनाई है। इस सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम से ही सफलता मिलती है। देश के विकास में हर व्यक्ति अपना योगदान दे। मैं बहुत साधारण परिवार में पैदा हुआ और नौसेना अध्यक्ष के पद तक पहुंचा। आपकी पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति आपकी सफलता का प्रारंभिक बिन्दु है। सफलता की उड़ान आप कहाँ तक ले जा सकते हैं यह आप पर निर्भर है। देश के भविष्य के निर्माता, निदेशक और नायक युवा ही हैं। एडमिरल त्रिपाठी ने अपने बचपन, गांव तथा सैनिक स्कूल से जुड़ी रोचक यादें साझा की। एडमिरल त्रिपाठी ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button