आसमान छू रहे सोने के दाम, पिछले एक हफ्ते में चांदी ने भी मारी 16 हजार रुपये की छलांग, जानें आज का ताजा रेट

साप्ताहिक कारोबार में सोना हल्का मजबूत बना रहा, 24 कैरेट 260 रुपये और 22 कैरेट 250 रुपये महंगा हुआ. वहीं दिल्ली में आज 21 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट सोना 1,34,330 रुपये पर टिक गया. वहीं चांदी ने इस हफ्ते 16 हजार रुपये की जबरदस्त छलांग लगाई.
सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों ने इस सप्ताह भी मजबूती दिखाई है. तेजी बहुत तेज नहीं रही, लेकिन लगातार बनी रहने से यह साफ है कि ऊंचे स्तर पर भी सोने की मांग कमजोर नहीं पड़ी है. बीते एक सप्ताह में 24 कैरेट सोना 260 रुपये महंगा हुआ है, जबकि 22 कैरेट गोल्ड के भाव 250 रुपये बढ़े हैं. 21 दिसंबर को राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,34,330 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई.
वहीं 22 कैरेट गोल्ड का भाव 1,23,150 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. शादी-विवाह के सीजन और निवेश की मांग ने कीमतों को सहारा दिया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना मजबूत बना हुआ है. ग्लोबल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 4,322.51 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है.
महानगरों में लगभग एक जैसा ट्रेंड
मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में सोने की कीमतें दिल्ली से थोड़ा नीचे रहीं. इन शहरों में 24 कैरेट गोल्ड 1,34,180 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,23,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बना हुआ है. पुणे और बेंगलुरु में भी यही रुझान देखने को मिला
यहां देखें क्या है आज का ताजा रेट
| शहर | 22 कैरेट (₹/10 ग्राम) | 24 कैरेट (₹/10 ग्राम) |
|---|---|---|
| दिल्ली | 1,23,150 | 1,34,330 |
| मुंबई | 1,23,000 | 1,34,180 |
| अहमदाबाद | 1,23,050 | 1,34,230 |
| चेन्नई | 1,23,000 | 1,34,180 |
| कोलकाता | 1,23,000 | 1,34,180 |
| हैदराबाद | 1,23,000 | 1,34,180 |
| जयपुर | 1,23,150 | 1,34,330 |
| भोपाल | 1,23,050 | 1,34,230 |
| लखनऊ | 1,23,150 | 1,34,330 |
| चंडीगढ़ | 1,23,150 | 1,34,330 |
फेडरल रिजर्व के संकेतों से मिला सपोर्ट
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के गवर्नर क्रिस्टोफर वालर ने संकेत दिए हैं कि ब्याज दरों में आगे कटौती की गुंजाइश बनी हुई है. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नीतिगत फैसले सावधानी के साथ लिए जाएंगे. हालिया अमेरिकी श्रम आंकड़े आर्थिक सुस्ती की ओर इशारा कर रहे हैं, जिसका असर सुरक्षित निवेश विकल्पों पर दिख रहा है.
चांदी ने एक हफ्ते में 16 हजार रुपये की मारी छलांग
सोने की तुलना में चांदी ने इस सप्ताह ज्यादा दम दिखाया है. बीते एक हफ्ते में चांदी की कीमत 16,000 रुपये बढ़ गई है. 21 दिसंबर को घरेलू बाजार में चांदी का भाव 2,14,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया. विदेशी बाजार में स्पॉट सिल्वर 65.85 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है. चालू साल में अब तक चांदी की कीमतों में करीब 126 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है, जिससे इसकी मांग और मजबूत हुई है.



