हडको की हाई लेवल कमेटी का एमपी ट्रांसको मुख्यालय शक्ति भवन का दौरा
ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार एवं भविष्य की योजनाओं पर मंथन



भोपाल। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (हडको) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री संजय कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय समिति ने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय शक्ति भवन का दौरा कर प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी, मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री मुकुल मेहरोत्रा सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में हडको से प्राप्त वित्तीय सहायता के उपयोग व प्रगति की समीक्षा के साथ प्रदेश में ट्रांसमिशन नेटवर्क सुदृढ़ीकरण, उपकेंद्रों एवं ट्रांसमिशन लाइनों के विस्तार, नवीकरणीय ऊर्जा के ग्रिड एकीकरण तथा भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग पर चर्चा की गई।
भविष्य की योजना से कराया अवगत:–
एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने समिति को कंपनी की भविष्य की योजनाओं से अवगत कराते हुए टीबीसीबी, ओपन एक्सेस व्यवस्था तथा कम लागत में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। वहीं मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री मुकुल मेहरोत्रा ने कंपनी की वित्तीय स्थिति, वर्तमान व भावी ऋण आवश्यकताओं के विषय मे जानकारी दी।
-एम पी ट्रांसको की सराहना:-
हडको के अध्यक्ष श्री कुलश्रेष्ठ ने एमपी ट्रांसको के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी विद्युत ट्रांसमिशन एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं हेतु निरंतर वित्तीय सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की गई।
उच्च स्तरीय समिति में हडको की क्षेत्रीय प्रमुख (मध्यप्रदेश.) डॉ. त्रप्ति मिश्रा दीक्षित तथा हडको भोपाल के संयुक्त महाप्रबंधक श्री आनंद सोनी भी शामिल थे।



