खेल

भारत के नाम अंडर-19 विश्व कप का सबसे बड़ा रन चेज, लगातार छठी बार फाइनल में; आरोन जॉर्ज चमके

भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत के लिए इस मैच में आरोन जॉर्ज ने शानदार शतक लगाया।

आरोन जॉर्ज की शतकीय पारी की मदद से भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन बनाए। जवाब में भारत के लिए आरोन ने शतक लगाया, जबकि वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

भारत ने तोड़ा 20 साल पुराना रिकॉर्ड
भारत ने इस तरह अंडर-19 विश्व कप का सबसे बड़ा रन चेज बनाया। इससे पहले ये रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था जिन्होंने 2006 में आयरलैंड के खिलाफ 305 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। भारत ने इस तरह 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा और शान से खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। दिलचस्प बात यह है कि भारत अंडर-19 विश्व कप के 16 सत्र में से 10 बार खिताबी मुकाबले में पहुंच चुका है जो सर्वाधिक है। भारत ने लगातार छठी बार फाइनल में जगह बनाई। टीम 2016, 2018, 2020, 2022, 2024 और 2026 में खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। भारत ने रिकॉर्ड पांच बार इस टूर्नामेंट को जीता है और अब उसके पास छठी ट्रॉफी जीतने का मौका है। भारत का फाइनल में सामना इंग्लैंड से शुक्रवार को होगा। इंग्लैंड ने एक अन्य सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

वैभव-आरोन ने दिलाई मजबूत शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव और आरोन ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। इस दौरान वैभव अपनी पुरानी फॉर्म में नजर आए। वैभव के आउट होने के बाद आरोन और कप्तान म्हात्रे ने पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी हुई। म्हात्रे भले ही आउट हो गए, लेकिन आरोन ने बल्लेबाजी जारी रखी और शतक लगाया। वह हालांकि, टीम को जीत दिलाने से पहले ही आउट हो गए। इसके बाद विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने जीत की औपचारिकता को पूरा किया।

आरोन जॉर्ज ने जड़ा शतक
भारत के लिए आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों की मदद से 115 रन बनाए। वहीं, वैभव ने 33 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन, जबकि म्हात्रे ने 59 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों के सहारे 62 रन की पारी खेली। विहान मल्होत्रा 47 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 38 और वेदांत छह गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान के लिए नूरिस्तानी ओमरजई ने दो विकेट झटके, जबकि वाहिदुल्लाह जादरान को एक विकेट मिला।

नियाजाई-शिनोजादा की शतकीय पारी
इससे पहले, अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत को बड़ा लक्ष्य दिया। अफगानिस्तान की ओर से दो बल्लेबाजों ने शतक जड़े। इनमें उजईरुल्लाह नियाजाई और फैसल शिनोजादा शामिल हैं। नियाजाई ने 86 गेंद में 12 चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन की पारी खेली। वहीं, फैसल ने 93 गेंद में 15 चौके की मदद से 110 रन बनाए। इसके अलावा उस्मान सदत ने 39 रन और खालिद अहमदजई ने 31 रन की पारी खेली। अजिजुल्लाह मियाखिल 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अब्दुल अजीज सात रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को दो-दो विकेट मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button