खबरमध्य प्रदेश
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय को भोपाल विज्ञान मेले में मिला तृतीय स्थान


भोपाल, 31 दिसंबर 2024: मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, भोपाल और विभा द्वारा आयोजित 11वें भोपाल विज्ञान मेले 2024 में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल ने ग्रामीण प्रौद्योगिकी के प्रदर्शन में उत्कृष्ट योगदान देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह मेला 27 से 30 दिसंबर 2024 तक बीएचईएल स्थित जंबूरी मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें मानव संग्रहालय ने मध्य प्रदेश की आगरिया जनजाति की पारंपरिक लौह प्रगलन तकनीक का जीवंत प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को 5 आगरिया जनजातीय कलाकारों के सहयोग से प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों और विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया।
मेले के समापन समारोह में प्रदर्शनियों का मूल्यांकन किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को पुरस्कृत किया गया। मानव संग्रहालय को यह सम्मान ग्रामीण तकनीकी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान संग्रहालय की ओर से प्रदर्शन के समन्वयक डॉ. प्रीतम चौधरी और आमंत्रित आगरिया कलाकारों ने प्रमाण पत्र और शील्ड प्राप्त की।
यह उपलब्धि न केवल पारंपरिक ग्रामीण तकनीकों के संरक्षण और संवर्धन के लिए संग्रहालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि देशभर में इसकी सराहना का प्रतीक भी है।