
पंजाब किंग्स ने जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में इतिहास रचते हुए मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराकर टॉप 2 में जगह पक्की कर ली है। अगर आरसीबी ने मंगलवार को लखनऊ को बड़े मार्जिन से हराकर नेट रन रेट न बढ़ाई तो पंजाब अंक तालिका में पहले नंबर पर आ जाएगा। बहरहाल, मैच की बात करें तो मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 39 गेंदों पर 57 तो हार्दिक पांड्या ने 26 रन बनाकर मुंबई को 7 विकेट पर 184 रन तक पहुंचाया। जवाब में खेलने उतरी पंजाब ने भले ही प्रभसिमरन की जल्द विकेट गंवा ली लेकिन प्रियांश आर्य और जोश इंग्लिस ने तेजतर्रार अर्धशतक लगाकर मुंबई की मैच जीतने की उम्मीद तोड़ दी। प्रियांश ने 35 गेंदों पर 62 तो जोश इंग्लिस ने 42 गेंदों पर 73 रन बनाए। अंत में श्रेयस अय्यर ने बचा काम किया और पंजाब को अपनी कप्तानी में टॉप 2 में पहुंचा दिया।
मुंबई इंडियंस : 184/7 (20 ओवर)
मुंबई के लिए रियान रिकेल्टन के साथ रोहित शर्मा ओपनिंग करने आए। दोनों ने टीम को अच्छी शुरूआत दी और पांच ओवर में स्कोर 45 तक पहुंचा दिया। लेकिन छठे ओवर में रियान 20 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। मुंबई ने 8 ओवर में 1 विकेट खोकर 64 रन बनाए। रोहित अपने शॉट लगाने के लिए समय ले रहे थे। आखिर रोहित 10वें ओवर में हरप्रीत का शिकार हो गए। उन्होंने 21 गेंदों पर 24 रन बनाए। तिलक वर्मा महज एक रन बनाकर आऊट हो गए। विल जैक्स ने 8 गेंदों पर 17 रन बनाकर मुंबई को गति दी। हार्दिक पांड्या ने मौके को भुनाया और 15 गेंदों पर 26 रन बनाकर टीम स्कोर 150 तक पहुंचा दिया। सूर्यकुमार ने एक छोर संभाला और पंजाब के खिलाफ एक और अर्धशतक बनाया। नमन धीर ने भी पंजाब के खिलाफ तेजतर्रार पारी खेली। नमन धीर ने 12 गेंदों पर 20 रन बनाए तो सूर्यकुमार ने 39 गेंदों पर 6 चौके और दो छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। अर्शदीप ने 20वें ओवर में दो विकेट लिए और मुंबई को 184 रनों तक रोक दिया।
पंजाब किंग्स : 187/3 (18.3 ओवर)
पंजाब के लिए प्रियांश के साथ प्रभसिमरन बल्लेबाजी करने आए। प्रभसिमरन ने 16 गेंदों पर 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 13 रन बनाए। उन्हें बुमराह ने आऊट किया। इसके बाद प्रियांश ने जोश इंग्लिस के साथ मिलकर पंजाब का स्कोर 7 ओवर में 61 तक पहुंचाया। प्रियांश आर्य शानदार रहे। उन्होंने जोश के साथ मिलकर स्कोर 143 तक पहुंचा दिया। प्रियांश ने 35 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए और सेंटनर की गेंद पर आऊट हो गए। प्रियांश के आऊट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर मैदान पर आए। जोश इंग्लिस भी अर्धशतक बना चुके थे। जोश इंग्लिस ने 42 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 73 रन बनाए। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने बल्ला चलाया और पंजाब को 7 विकेट से जीत दिला दी। पंजाब अब मुल्लांपुर में क्वालिफायर 1 खेलेगा।