मध्य प्रदेश

नीदरलैंड्स के ‘साझा संसार अन्तरराष्ट्रीय सम्मान–2025’ से सम्मानित होंगे संतोष चौबे

भोपाल। नीदरलैंड्स के साझा संसार फाऊण्डेशन द्वारा प्रथम ‘साझा संसार अन्तरराष्ट्रीय सम्मान–2025, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल के कुलाधिपति, विश्व रंग के निदेशक एवं वनमाली सृजनपीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष चौबे को प्रदान किये जाने की घोषणा की गई। संतोष चौबे को वैश्विक स्तर पर हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कृति एवं कला के उन्नयन हेतु सर्वोत्तम योगदान के लिए प्रथम ‘साझा संसार अंतरराष्ट्रीय सम्मान–2025’ प्रदान किया जाएगा।

नीदरलैंड्स के वरिष्ठ प्रवासी रचनाकार एवं साझा संसार फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. रामा तक्षक की अध्यक्षता में आयोजित साझा संसार फाउंडेशन टीम की ऑनलाइन बैठक में नीदरलैंड्स से विश्वास दुबे, शिवांगी शुक्ला, मनीष पाण्डेय, आशीष कपूर, स्विट्जरलैंड से हर्षिता वाजपेयी, अमेरिका से विनीता तिवारी और भारत से राजेन्द्र शर्मा द्वारा भाग लेते हुए सर्वसम्मति से संतोष चौबे को प्रथम ‘साझा संसार अंतरराष्ट्रीय सम्मान–2025’ से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

उल्लेखनीय है कि कवि–कथाकार, उपन्यासकार, संपादक और अनुवादक संतोष चौबे अपने अभिनव रचनात्मक प्रकल्पों और नवाचारों के लिए वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट पहचान रखते हैं। उन्होंने हिन्दी भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रसार के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय ‘विश्वरंग’ महोत्सव की वर्ष 2019 में भोपाल से शुरुआत की जिसके आज 50 से अधिक सदस्य देश हैं। हाल ही में विश्व रंग का ‘मॉरीशस’ में भव्य आयोजन कर उन्होंने हिंदी के वैश्विक विस्तार की जमीन तैयार की है।

हाल ही में उन्हें सिंगापुर में ‘विश्व हिंदी शिखर सम्मान– 2024’ और फ्रांस में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘भारत गौरव सम्मान–2024’ से सम्मानित किया गया। इसके पूर्व लंदन में “वातायन यू.के. अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मान 2023” और अमेरिका के प्रतिष्ठित संस्थान द्वारा ‘लाईफ टाईम एचीवमेंट अवार्ड–2023’ से भी सम्मानित किया गया है।

संतोष चौबे को कविता (कहीं और सच होंगे सपने) के लिए मध्यप्रदेश साहित्य परिषद् का दुष्यंत कुमार पुरस्कार, आलोचना (कला की संगत) के लिए स्पंदन आलोचना सम्मान, अनुवाद (मास्को डायरी) के लिए मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति का पुरस्कार एवं उपन्यास (जलतरंग) के लिए शैलेश मटियानी तथा अन्तरराष्ट्रीय वैली ऑफ वर्ड्स पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। समग्र साहित्यिक अवदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय दुष्यंत एवं शिवमंगल सिंह सुमन अलंकरण भी प्राप्त हुए हैं।

प्रथम साझा संसार अंतरराष्ट्रीय सम्मान–2025’ संतोष चौबे को प्राप्त होने पर ‘विश्व रंग’ टैगोर अंतर्राष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव, विश्व रंग सचिवालय, टैगोर अंतरराष्ट्रीय हिंदी केन्द्र, प्रवासी भारतीय साहित्य एवं संस्कृति शोध केन्द्र, टैगोर विश्व कला एवं संस्कृति केंद्र, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय, डॉ. सी.वी. रामन विश्वविद्यालय, बिलासपुर, खंडवा, वैशाली, आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग, आईसेक्ट पब्लिकेशन, वनमाली सृजन पीठ, समस्त वनमाली सृजन केंद्रों तथा साहित्य, कला संस्कृति की सहयोगी संस्थाओं ने हार्दिक बधाई दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button