चांदी में 13000 रुपये की भारी गिरावट, सोना भी फिसला; वैश्विक बाजार में क्या चल रहा जानिए
दि्ल्ली में चांदी 13,000 रुपये टूटकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। सोना भी 3,400 रुपये टूट गया है। घरेलू बाजार में मुनाफावसूली दिखी है लेकिन वैश्विक बाजार में रिकवरी आई है। जानें अमेरिका-ईरान के बीच किसी भी संभावित बातचीत का बाजार पर क्या हो सकता है असर


सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन भारी मुनाफावसूली दिखी। वैश्विक तनाव में थोड़ी नरमी के संकेतों के बीच शुक्रवार को घरेलू सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में चांदी की कीमतें 13,000 रुपये तक लुढ़क गईं, जबकि सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ गया। हालांकि, भारतीय बाजार बंद होने दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव और रिकवरी का दौर देखा गया।घरेलू बाजार: चांदी 2.55 लाख रुपये पर‘ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन’ के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को चांदी की कीमतों में 4.85% की भारी गिरावट आई। यह सफेद धातु 13,000 रुपये टूटकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुई। इससे पहले गुरुवार को यह 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।सोने की चमक भी फीकी पड़ी है। 99.9% शुद्धता वाला सोना 3,400 रुपये या 2.12% की गिरावट के साथ 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि पिछले सत्र में इसका भाव 1,60,600 रुपये था। कारोबारियों का कहना है कि घरेलू कीमतों में यह गिरावट मुख्य रूप से ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के कारण आई है।


