खबर

पहाड़ों में बर्फबारी-मैदानी इलाकों में बारिश, इन इलाकों में छाया रहेगा कोहरा, आज कैसा रहेगा मौसम

पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश और कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है. मैदानी इलाकों की बात करें तो उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई और इलाकों में बारिश की संभावना है. पंजाब-हरियाणा समेत कई और इलाकों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने आज यानी (3 फरवरी) को हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है और इसके बाद अगले रविवार तक मौसम साफ रहने के आसार हैं. हालांकि, राज्य की ऊंची पहाड़ियों पर शुक्रवार को भी हल्की बर्फबारी और बारिश देखी जा सकती है.

हरियाणा और पंजाब में शीत लहर का प्रकोप जारी, सिरसा सबसे ठंडा

उत्तर भारत के कई इलाकों में ठंड का प्रकोप कम हो गया है. हालांकि, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में सर्दी का सितम जारी है. सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया. सिरसा 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा. वहीं, लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस और अमृतसर में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 11 डिग्री, करनाल में 9.7 डिग्री दर्ज किया गया.

राजस्थान में जारी रह सकता है बारिश का दौर

पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार अभी यह दौर जारी रहेगा और इस दौरान कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार इसके अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग और आसपास के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश अगले दो से तीन दिन तक जारी रहने का अनुमान है. इस दौरान कोटा, उदयपुर में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है. राज्य के उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी भागों में अगले दो-तीन दिन कहीं-कहीं घना कोहरा भी छाने की संभावना है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button