आरजी कर रेप-मर्डर दोषी की भतीजी का शव मिला:11 साल की थी; भीड़ ने पिता को जूतों से पीटा, सौतेली मां को घसीटा

कोलकाता के चर्चित आर कर मेडिकल कॉलेज में रेप-मर्डर के दोषी संजय रॉय की 11 साल की भतीजी का शव सोमवार को उसके घर में अलमारी से लटकता मिला। मंगलवार को गुस्साई भीड़ ने कोलकाता के भवानीपुर इलाके में बच्ची के पिता और सौतेली मां पर हमला कर दिया।पुलिस ने बताया कि बच्ची की मौत के बाद उसके पिता भोला सिंह और उसकी दूसरी पत्नी पूजा अपने घर से भागने की कोशिश कर रहे थे। तभी पड़ोसियों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। लोगों ने पिता की जूतों से पिटाई की। वहीं सौतेली मां को बाल पकड़कर घसीटा और पिटाई कीस्थानीय लोगों ने दोनों पर बच्ची को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इलाके में तनाव भड़क गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दंपती को आक्रोशित पड़ोसियों से बचाकर अलीपुर पुलिस थाने ले गई।
मां की आत्महत्या के बाद पिता ने मौसी से शादी की थी पुलिस ने बताया कि भोला ने पहले संजय रॉय की बड़ी बहन बबीता से शादी की थी। मृतक बच्ची उनकी इकलौती संतान थी। कुछ साल पहले बबीता ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद भोला ने संजय की छोटी बहन पूजा से शादी कर ली।
भोला की बेटी पांचवीं क्लास की छात्रा थी। सोमवार को उसका शव एक अलमारी के अंदर हैंगर से लटका हुआ मिला। उसके गले में कपड़े का एक टुकड़ा बंधा था। दावे के मुताबिक, उसकी सौतेली मां घर से बाहर थी। वह घर लौटी, तो उसने बच्ची को उसी हालत में पाया। बच्ची को एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पड़ोसी बोले- रात के 2 बजे बच्ची को घर से निकाल देते थे पड़ोसियों ने आरोप लगाया कि पिता और सौतेली मां अक्सर लड़की को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। एक पड़ोसी ने आरोप लगाया- बच्ची को अक्सर रात में, यहां तक कि देर रात 2 बजे भी घर से बाहर निकाल दिया जाता था। इसने वह बहुत गहरे सदमे में थी।
बच्ची की दादी ने आरोप लगाया कि पिता और सौतेली मां उसे बेल्ट से पीटते थे और उसका सिर दीवारों पर पटक देते थे। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का संकेत मिला है। हालांकि, हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पिछले साल 8-9 अगस्त की रात एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था। 9 अगस्त की सुबह डॉक्टर की लाश सेमिनार हॉल में मिली थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को अरेस्ट किया था।
कोर्ट ने 18 जनवरी, 2025 को संजय को दोषी ठहराया था। 20 जनवरी, 2025 को उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। CBI और पीड़ित परिवार ने मौत की सजा मांगी थी। इस घटना को लेकर कोलकाता समेत देशभर में आक्रोश फैला था। बंगाल में 2 महीने से भी ज्यादा समय तक मेडिकल सेवाएं ठप रही थीं।
