रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय और विश्वरंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज प्रस्तुत होगा श्रीलंकाई कलाकारों का नृत्य नाटक ‘रावणेश्वरा


भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल एवं विश्वरंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्रीलंका के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भव्य नृत्य नाटक “रावणेश्वर” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम 23 अक्टूबर 2025 (गुरुवार) को प्रातः 11:00 बजे शारदा ऑडिटोरियम, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर, भोपाल में आयोजित होगा। इस अवसर पर रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री संतोष चौबे, प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, कुलगुरु प्रो. रवि प्रकाश दुबे, एस.जी.एस.यू. के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह, प्रति-कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी तथा आईक्यूएसी निदेशक डॉ. नितिन वत्स विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। श्रीलंका से आए 22 कलाकारों की टीम इस नृत्य नाटक का प्रदर्शन करेगी। यह आयोजन भारत और श्रीलंका के बीच सांस्कृतिक संवाद और सौहार्द को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह मनमोहक नृत्य नाट्य प्रस्तुति श्रीलंका की पारंपरिक कलात्मक शैली और नाट्य परंपरा का अद्भुत संगम होगी। नाटक का विषय भारतीय उपमहाद्वीप की सांस्कृतिक विविधता और पौराणिक कथाओं की गहराई को नए सिरे से समझने का अवसर प्रदान करेगा। इससे पूर्व श्रीलंकाई कलाकारों ने 17 से 20 अक्टूबर, 2025 तक अयोध्या में संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के आमंत्रण पर अंतरराष्ट्रीय रामलीला के हिस्से के रूप में ‘रावणेश्वरा’ नाटक का मंचन किया। यह प्रस्तुति अयोध्या में हुए दीपोत्सव 2025 का एक हिस्सा थी। उसके उपरांत मध्य प्रदेश में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय और विश्वरंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रस्तुति कल आयोजित होगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल रामलीला जैसी पारंपरिक नाट्य परंपराओं को जीवित रखना है साथ ही अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना भी है।

