‘मानहानि केस सिर्फ एक स्टंट है’; पलाश मुछाल के आरोपों को विज्ञान माने ने बताया बेबुनियाद, कंपोजर को दी चेतावनी
क्रिकेटर स्मृति मंधाना से शादी टूटने के बाद पलाश मुछाल लगातार सुर्खियों में हैं। बीते दिनों उन्होंने स्मृति के दोस्त और निर्माता विज्ञान माने के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। इस पर अब विज्ञान की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने पलाश के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

म्यूजिक कंपोजर पलाश मुछाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बीते दिनों स्मृति मंधाना के दोस्त विज्ञान माने ने पलाश पर कई गंभीर आरोप लगाए। विज्ञान ने आरोप लगाया था कि पलाश ने उनसे 40 लाख रुपये की ठगी की है। ये मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। पलाश ने खुद पर लगे आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया। इतना ही नहीं, उन्होंने विज्ञान माने पर 10 करोड़ रुपए का मानहानि केस भी ठोक दिया। अब इस पर विज्ञान माने ने रिएक्शन दिया है।विज्ञान माने ने क्या कहा?
विज्ञान माने ने पलाश मुछाल के आरोपों को खारिज किया है और इन्हें सिर्फ एक स्टंट बताया है। इतना ही नहीं, विज्ञान ने पलाश को नोटिस भी भेजा है। विज्ञान का कहना है कि पलाश ने झूठे और बिना सबूत के आरोप लगाए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि वे यानी पलाश दस दिनों के भीतर अपने सभी आरोप वापस ले, वरना उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञान माने का कहना है, ‘मेरे वकील, रोहित पाटिल ने पलाश मुछाल को एक कड़ा जवाब भेजा है। मैं अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से साफ इनकार करता हूं। यह नोटिस मुझे सांगली पुलिस में दायर की गई एप्लीकेशन वापस लेने के लिए दबाव डालने के लिए भेजा गया था। 10 करोड़ का मानहानि का नोटिस सिर्फ एक स्टंट है। पलाश मुछाल का नोटिस बेबुनियाद है और सिर्फ पुलिस डिपार्टमेंट की जांच से बचने के लिए है। हालांकि, मुझे पुलिस डिपार्टमेंट पर पूरा भरोसा है और मैं न्याय के लिए लड़ता रहूंगा’।
बता दें कि महाराष्ट्र के सांगली में कुछ दिन पहले विज्ञान माने ने पलाश मुछाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। विज्ञान माने ने आरोप लगाया था कि पलाश ने उनके साथ 40 लाख की धोखाधड़ी की है। विज्ञान माने पेशे से फिल्म फाइनेंसर हैं। उनकी मुलाकात पलाश से स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना ने कराई थी। यह उस वक्त की बात है, जब पलाश सांगली आए थे। लेकिन बाद में स्मृति और पलाश की शादी टूट गई। विज्ञान का कहना था कि इसके बाद पलाश ने उनसे दूरी बनाई और पैसे वापस नहीं किए।



