*एनएसएस शिविर का चौथा दिन उत्साह और जनजागरण के नाम*



क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान,भोपाल की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) ईकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन आज स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों में प्रतिभाग किया। दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने गांव की गलियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से संबंधित गीत एवं प्रेरणादायक नारे लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
इसके पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक योग सत्र में भाग लिया, जिसमें स्वस्थ जीवनशैली और नियमित व्यायाम के महत्व पर जोर दिया गया।
परियोजना कार्य के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से खुले में कचरा फैलाने, गंदगी से होने वाली बीमारियों और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के संदेश को प्रभावी ढंग से ग्रामीणों तक पहुंचाया गया।
शिविर के दौरान एक बौद्धिक सत्र का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर संकाय सदस्य डॉ. व्यंकट बाबूराव, डाॅ. महेंद्र बरुआ , डाॅ.समीक्षा एवं वरिष्ठ स्वयंसेवक प्रियांशु बघेल ने स्वयंसेवकों को सामाजिक सेवा, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में एनएसएस की भूमिका पर स्वयंसेवको का मार्गदर्शन किया।
दिनभर की गतिविधियों में स्वयंसेवकों का उत्साह और सेवा भावना दिग्दर्शन करने योग्य रही। ग्रामीणों ने भी स्वयंसेवकों के कार्यों सराहना करते हुए प्रेरणा व प्रोत्साहन प्रदान किया।


