विदेश
कारगिल के हीरो से युद्ध लड़ेगा यूक्रेन, फ्रांस देगा मिराज 2000 फाइटर जेट, पुतिन की बढ़ी टेंशन

पेरिस: रूस और यूक्रेन का युद्ध चल रहा है। इसमें यूक्रेन को बड़ी मदद मिली है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मिराज 2000-5 लड़ाकू विमानों को यूक्रेन में भेजने और उसके पायलटों की ट्रेनिंग देने की रूपरेखा तैयार की है। 6 जून को इससे जुड़ी घोषणा की गई। एफ-16 के बाद मिराज 2000-5 यूक्रेनी वायु सेना में शामिल होने वाला दूसरे प्रकार का सबसे बड़ा लड़ाकू विमान है। यूक्रेन को मिराज की ताकत मिलना रूस के लिए टेंशन वाली बात है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसी मिराज के जरिए भारत ने कारगिल युद्ध के दौरान पाकिस्तानी सैनिकों पर पिन पॉइंट निशाना लगाया था।मैक्रों ने फ्रेंच टीवी के साथ एक इंटरव्यू में कहा, ‘कल हम एक नया सहयोग शुरू करेंगे और मिराज 2000-5 लड़ाकू विमानों को यूक्रेन में स्थानांतरित करने की घोषणा करेंगे और अपने यूक्रेनी पायलटों को फ्रांस में प्रशिक्षित करेंगे।’ यह घोषणा दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान नॉर्मेंडी में डी-डे लैंडिंग की 80वीं वर्षगांठ को याद करने के बाद आई। मैक्रों ने कहा कि पायलट का प्रशिक्षण इस गर्मी में शुरू होगा। उन्होंने कहा, ‘आपको आम तौर पर पांच से छह महीने की जरूरत होती है, इसलिए साल के अंत तक फ्रांस में पायलट प्रशिक्षित होंगे।’ कितने लड़ाकू विमान दिए जाएंगी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।



