संबल योजना में पंजीकृत 37 हजार से अधिक निर्माण श्रमिकों को मिला मात्र 5 रुपये में विद्युत कनेक्शन
‘सरल संयोजन पोर्टल’ के माध्यम से करें आवेदन
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना 2018 के तहत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले पात्र हितग्राहियों, मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मचारी कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीकृत कर्मकारों को मात्र 5 रुपये में नवीन घरेलू कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक 37 हजार 422 पात्र हितग्राहियों को केवल 5 रूपये में नवीन विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करा दिया गया है। हितग्राहियों को नये विद्युत कनेक्शन के लिए सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन मंगाए जा रहे हैं।
कंपनी ने बताया कि नवीन कनेक्शन हेतु आवेदन करने के लिए लिए कंपनी की वेबसाइट portal.mpcz.in पर जाकर New connection चुनें। इसके बाद Lt new connection टैब में सरल संयोजन को चुनें और आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
इसके अलावा पोर्टल पर सीधे https://saralsanyojan.mpcz.in:8888/home पर जाकर भी पांच रुपये में नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है। इस कार्य के लिए वितरण केन्द्र पर जाकर भी आवेदन कर सकते हैं अथवा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल भी कर सकते हैं। कंपनी ने कहा है कि मुख्यमंत्री जन कलयाण संबल योजना 2018 के तहत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले पात्र हितग्राही व मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मचारी कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीकृत कर्मकार नवीन कनेक्शन के लिए आवेदन एमपी ऑनलाइन एवं कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी कर सकते हैं।



