
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में चौंकाने वाला मामला सामने आया है।पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक भयानक मोड़ पर पहुंच गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साई पत्नी ने पहले अपने पति का प्राइवेट पार्ट काट दिया और फिर खुद तेजाब पी लिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पति-पत्नी दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात घर में पत्नी और पति के बीच जोरदार कहासुनी हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर महिला ने पति का प्राइवेट पार्ट काट डाला। पति की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए जहां उसका इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना के कुछ ही देर बाद महिला ने अपने घर में रखा तेजाब पीकर खुद को भी घायल कर लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। महिला को तुरंत मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
4 साल पहले हुई थी शादी
अस्पताल में भर्ती महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी को चार साल हो गए हैं और शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।वहीं इस घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि उन्हें पत्नी द्वारा पति का प्राइवेट पार्ट काटे जाने की जानकारी मिली है और इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना रिश्तों में बढ़ती कटुता और उसके भयानक परिणामों को दर्शाती है जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।