खेल
एक सीजन के बाद ही लखनऊ सुपर जाएंट्स से जहीर खान का हुआ मोह भंग! टीम का छोड़ दिया साथ? रिपोर्ट में दावा

जहीर अगस्त 2024 में लखनऊ फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। उन्होंने गौतम गंभीर की जगह ली थी जो 2023 आईपीएल सीजन के बाद हट गए थे कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मेंटर बने थे। लखनऊ से जुड़ने से पहले जहीर 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए थे।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के मेंटर जहीर खान ने एक सीजन के बाद ही फ्रेंचाइजी के साथ अपनी राहें जुदा कर ली हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, जहीर ने गुरुवार को अपना फैसला फ्रेंचाइजी को बता दिया है। ऐसा समझा जाता है कि जहीर के टीम छोड़ने का मुख्य कारण यह है कि फ्रेंचाइजी के लिए उनका दृष्टिकोण मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और टीम के मालिक संजीव गोयनका के दृष्टिकोण से मेल नहीं खाता। हालांकि, अब तक लखनऊ फ्रेंचाइजी की ओर से इस बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।