
नई दिल्ली: सेंट्रल गवर्नमेंट के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अच्छी खबर है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सरकारी कर्मचारियों के लिए DA में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। ईटी ने सूत्रों से यह खबर दी है। इस बढ़ोतरी से DA अब 53% से बढ़कर 55% हो जाएगा। इससे कर्मचारियों को सैलरी में फायदा होगा। यह फायदा 8वें वेतन आयोग से पहले मिलेगा। इससे केंद्र सरकार के एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा। सरकार साल में दो बार अपने कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी करती है। यह बढ़ोतरी जनवरी और जुलाई से लागू होती है। पेंशनर्स को महंगाई राहत (DR) मिलती है। यह सात साल में सबसे कम बढ़ोतरी है। इससे पहले जुलाई 2018 में 2% की बढ़ोतरी हुई थी।केंद्र सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में अपने कर्मचारियों के डीए में 3% इजाफा किया था। उससे पहले मार्च में इसमें 4% की बढ़ोतरी की गई थी। महंगाई भत्ते को ऑल इंडिया कन्ज्यूमर प्राइस इंडेक्स के आधार पर तय किया जाता है। इसके लिए एक तय फॉर्मूला है। सरकार इस इंडेक्स के पिछले 12 महीनों के आंकड़ों के मुताबिक डीए और डीआर की दरें करती है। देश में करीब 48.67 लाख केंद्रीय कर्मचारी और लगभग 67.95 लाख पेंशनर हैं।
कितनी बढ़ जाएगी सैलरी
अगर किसी कर्मचारी को हर महीने 36,500 रुपये बेसिक पे मिलती है तो अभी उसका डीए 19,345 रुपये है। डीए में दो फीसदी की बढ़ोतरी के बाद उसका डीए बढ़कर 20,075 रुपये पहुंच जाएगा। साथ में जनवरी से एरियर भी मिलेगा। इसी तरह अगर किसी पेंशनर की मूल पेंशन 9,000 रुपये है तो उसे डीआर के रूप में 4,770 रुपये मिलते हैं। डीआर में 2 फीसदी इजाफे के बाद उसे महंगाई राहत के रूप में 4,950 रुपये मिलेंगे।