मध्य प्रदेश में काम पर लौटे अधिकतर डॉक्टर, बंगाल में हड़ताल जारी
नई दिल्ली। कोलकाता में दुष्कर्म के बाद प्रशिक्षु डॉक्टर की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे मध्य प्रदेश के अधिकतर डॉक्टर हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार को काम पर लौट आए। इसके पहले चिकित्सा संघों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। मगर कहा कि विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। हड़ताल खत्म होने से प्रदेश में भोपाल, इंदौर, जबलपुर संभाग के सभी मेडिकल कॉलेजों और निजी व सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था पटरी पर लौटती दिखी।
उधर, ग्वालियर में जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म करने की बात तो कही, लेकिन काम शुरू नहीं किया। भोपाल एम्स के डॉक्टरों ने अभी हड़ताल खत्म नहीं की। उनका कहना है कि हड़ताल को लेकर राष्ट्रीय फोरम के निर्देश का इंतजार है। बता दें कि शनिवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने डॉक्टरों की हड़ताल को अवैधानिक बताते हुए कहा था कि मरीजों की दिक्कतों को समझते हुए डॉक्टर काम पर लौटें।
विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा
कोर्ट ने अपने पिछले आदेश का हवाला दिया, जिसमें बिना कोर्ट की अनुमति किसी भी तरह की हड़ताल पर डॉक्टरों के जाने पर रोक लगाई गई थी। इस मामले में कोर्ट 20 अगस्त को भी सुनवाई करेगा। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रवक्ता डॉ. कुलदीप गुप्ता ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के सम्मान में हड़ताल खत्म की गई है, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।



