खबरमध्य प्रदेश

मप्र में न्यायिक शक्तियों का हो रहा है दुरुपयोग: जीतू पटवारी

लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ विपक्ष जनता की आवाज को दमदारी से उठायेगा : उमंग सिंघार

भोपाल, 24 अगस्त ।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के संयुक्त नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधि मंडल आज पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चर्चा करने पुलिस मुख्यालय पहुंचा। जहां श्री पटवारी, श्री सिंघार ने पुलिस महानिदेशक से प्रदेश में घटित हो रही घटनाओं एवं सरकार में बैठे भाजपा नेताओं को सहयोग करने और स्वार्थपूर्ति के उद्देश्य से भाजपा के एजेंट बनकर काम कर रहे पुलिस, कर्मचारियों, अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की।

श्री पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में पुलिस महकमा, कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा कानून प्रक्रिया और नियमों का उल्लंघन करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। छतरपुर, भिंड और उज्जैन की घटनाएं इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने छतरपुर की घटना को लेकर कहा कि यह राजनैतिक, सामाजिक घटना नहीं, बल्कि संवैधानिक प्रावधानों के विरूद्व घटना है।
श्री पटवारी ने कहा कि उज्जैन में जायसवाल का मकान गिरा दिया, भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर, सागर में मकानों को गिराया गया। इतना ही नहीं संविधान की स्थापित न्याय प्रक्रिया को नजरअंदाज करके भाजपा नेताओं के इशारें पर प्रशासन द्वारा पूरे प्रदेश में अन्य राजनैतिक दलों से जुड़े एवं अन्य सामान्य व्यक्तियों के मकान तोडे़ जा रहे हैं। जिससे प्रदेश में बुलडोजर प्रवृति आ गई है एवं दहशत फैलाकर काम किया जा रहा है। जिससे यह संदेश जनता के बीच जा रहा है कि सरकारी अमला संविधान और न्याय प्रक्रिया को नहीं मानता, अदालतों के आदेशों के बावजूद कानून और संविधान की परंपरा को नहीं मानते, जो कि स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है।
श्री पटवारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन और कर्मचारी अधिकारी अपनी आदत को सुधारे, अपराधियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया का पालन कर काम करे, प्रशासन को अपना काम न्याय पालिका और संविधान के अरूपम करना चाहिए। कर्मचारी सर्विस रूल के नियमों का पालन करें, शांति के नाम पर दहशत फैलाना अच्छे राज्य की प्रक्रिया नहीं है।
श्री पटवारी ने कहा कि कानून को दरकिनार कर प्रदेश में जितनी भी घटनाएं हो रही हैं कांग्रेस पार्टी उन घटनाओं के खिलाफ विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करते हुये संविधान के अनुरूप कार्यकर जनता के अधिकारों की रक्षा की मांग करने न्यायालय की शरण लेगी।
श्री सिंघार ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को दरकिनार कर निर्दोषों, कांग्रेसजनों के मकान तोड़ने सहित प्रदेश में लगातार हो रही विभिन्न घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार में व्याप्त लचर कानून व्यवस्था के विरोध में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग में शिकायत और उच्चतम न्यायालय में याचिका प्रस्तुत कर कार्यवाही की मांग की जायेगी। प्रदेश में व्याप्त लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ विपक्ष जनता की आवाज को पूरी दमदारी से उठायेगा।
मुलाकात के दौरान मप्र विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल, जे.पी. धनोपिया, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, राजलक्ष्मी नायक, अभिनव बरोलिया, अवनीश बुंदेला, जितेन्द्र पाल सिंह राजा, गुड्डू चौहान सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button