बलूचिस्तान में पाकिस्तान खिलाफ 12 अटैक, BLA ने मार गिराए 130 पाकिस्तानी सैनिक
पाकिस्तान के अशांत क्षेत्र बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक बड़े हमले का दावा करते हुए कहा है कि उन्होंने ऑपरेशन हेरोफ के तहत 130 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है। हालाँकि, पाकिस्तानी सेना ने अब तक 14 सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने बताया कि इस ऑपरेशन में उनके 800 लड़ाकों ने हिस्सा लिया। हमले बलूचिस्तान के 12 विभिन्न स्थानों पर किए गए, जिनमें से 7 हमले फिदायीन थे। जीयंद के अनुसार, यह ऑपरेशन बलूचिस्तान की आजादी के संघर्ष में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उधर, पाकिस्तानी सेना ने देर रात बयान जारी कर कहा कि उन्होंने जवाबी कार्रवाई में 21 आतंकियों को मार गिराया है। बलूचिस्तान में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। BLA ने इस ऑपरेशन को बलूचिस्तान की आजादी के संघर्ष का पहला कदम बताया है और आगे और भी हमलों की चेतावनी दी है।पाकिस्तानी सेना के कई कैंप और चौकियों पर कब्जा
BLA के लड़ाकों ने कई पाकिस्तानी सेना के कैंप और पुलिस चौकियों को निशाना बनाया। इनमें से सबसे बड़ा हमला बेला शिविर पर हुआ, जहां BLA के फिदायीन लड़ाकों ने 20 घंटे तक कब्जा बनाए रखा। इस हमले में 68 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया गया है। BLA ने कहा कि उसने स्थानीय पुलिस को पहले ही चेतावनी दी थी कि वे पाकिस्तानी सेना की मदद न करें। प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस और लेवी फोर्स के 22 कर्मचारियों को अस्थायी रूप से हिरासत में लिया गया और ऑपरेशन के बाद उन्हें सुरक्षित रिहा कर दिया गया।