
भारतीय शेयर बाजारों में आज 6 मई को चौतरफा गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 155 अंक लुढ़ककर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 24,400 से नीचे फिसल गया। स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में नुकसान और अधिक रहा और दोनों इंडेक्स 2 फीसदी से भी अधिक टूटकर बंद हुए। इसके चलते निवेशकों को आज करीब 7 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ। सबसे अधिक गिरावट रियल्टी, पावर, यूटिलिटी और इंडस्ट्रियल्स शेयरों में देखने को मिली। अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक की बुधवार को होने वाली बैठक और भारत-पाक सीमा पर बढ़े तनाव के चलते निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है।कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 155.77 अंक या 0.19 फीसदी की गिरावट के साथ 80,641.07 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 81.55 अंक या 0.33% फीसदी टूटकर 24,379.60 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹6.85 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 6 मई को घटकर 420.63 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 5 मई को 427.48 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 6.85 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 6.85 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 11 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के शेयरों में 1.66 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टाटा स्टील (Tata Steel), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) और नेस्ले इंडिया (Nestle India) के शेयर 1.06 फीसदी से लेकर 1.62 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 19 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी इटर्नल (Eternal) का शेयर 3.08 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा मोटर्स (Tata Motors), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में 1.95 फीसदी से लेकर 2.09% तक की गिरावट देखी गई।