जीतो लेडीज़ विंग ने किया मंडला आर्ट वर्कशॉप का आयोजन
फ़ोन और सोशल मीडिया से दूर रहने हेतु किया अभिनव प्रयोग


जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) की लेडीज़ विंग भोपाल द्वारा महिलाओं के लिए मंडला आर्ट वर्कशॉप का आयोजन दिगम्बर जैन मंदिर जवाहर चौक में किया गया। वर्तमान में लोग सोशल मीडिया को बहुत अधिक समय दे रहे हैं जिससे डिप्रेशन, एंजाइटी और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों का आसानी से शिकार भी हो रहे हैं। घरों में लंबे समय तक अकेले रहना, बहुत अधिक समय सोशल मीडिया पर देना, अपनी मन की बातें किसी से शेयर न करना आदि जैसी आदतें धीरे-धीरे कब बीमारियों के लिए जगह बना लेती हैं पता ही नहीं चलता। हेमलता जैन रचना ने बताया कि इन्हीं सब बीमारियों से दूर रहने और सामाजिक गतिविधियों में उत्साह पूर्वक शामिल होने हेतु प्रेरित करने के लिए जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन की महिला विंग द्वारा मण्डला आर्ट वर्कशॉप का आयोजन किया गया l जीतो चेयरपर्सन प्रतिभा टोंग्या जैन ने कहा कि मंडला आर्ट हमारे मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी है। यह हमें तनाव से मुक्त करता है जिससे हम डिप्रेशन, एंजाइटी और हाइपरटेंशन जैसी अनेक बीमारियों की चपेट में नहीं आते। श्रीमती शोभा गोठी ने कार्यशाला में सर्वप्रथम महिलाओं से अलग-अलग आकार के गोले बनवाए और फिर उन गोलों में अलग-अलग आकृतियां बनवाईं। सभी ने इन सर्कल्स में अपनी-अपनी पसंद के रंग भी भरे। इस वर्कशॉप की सबसे अच्छी बात यह रही कि इसमें 60 साल आयु वर्ग तक की महिलाओं ने भाग लिया और एकाग्र चित्त होकर आर्ट को बनाने में अपना पूर्ण समय दिया। एक छोटी सी कलाकृति को बनाने में दो से तीन घंटों का समय लगा और यह समय कैसे व्यतीत हो गया प्रतिभागियों को पता भी नहीं चला l उक्त पूरे कार्यक्रम के दौरान किसी का भी अपने मोबाइल फ़ोन और सोशल मीडिया पर ध्यान ही नहीं गया जो कि इस कार्यक्रम की सफलता को साबित कर रहा था। वर्कशॉप के आयोजन से सभी प्रतिभागी मानसिक रूप से स्वयं को अधिक ऊर्जावान महसूस कर रहे थे। इस वर्कशॉप में पूजा जैन, आरती 501, जिज्ञासा टामोट, प्रेरणा गोधा, प्रतिभा टोंग्या जैन, प्रिया पारेख सहित काफी महिलाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज़ की।

