गोवर्धन पूजा प्रकृति का सम्मान है- पंडित अभिषेक मिश्रा महाराज

भोपाल। राजधानी स्थित बाणगंगा में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के महामंत्री लोकेश पांडे द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के पांचवें दिन कथावाचक आचार्य पंडित अभिषेक मिश्रा जी महाराज द्वारा गोवर्धन पूजा और इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया।
पंडित अभिषेक मिश्रा महाराज ने कहा कि भगवान कृष्ण ने देखा कि उनके बाबा और बृजवासी अच्छी बारिश के लिए इंद्र की पूजा करने जा रहे हैं , तो बांके बिहारी भगवान श्री कृष्ण ने अपने पिता से कहा कि बाबा इंद्र की पूजा करने की बजाय आप लोग गिरिराज गोवर्धन की पूजा कीजिए। भगवान कृष्ण के कहने पर सभी बृजवासियों ने गोवर्धन पूजा की हालांकि इंद्र ने कुपित होकर अपार बारिश की तथा भगवान कृष्ण ने पर्वत उठाकर बृजवासियों की रक्षा की। पंडित अभिषेक मिश्रा ने कहा कि गोवर्धन में नाना प्रकार के पेड़ पौधे और औषधियां हैं। इसमें गायों और अन्य जंतुओं के आहार और आवास के लिए पर्याप्त चीजें मौजूद है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति का सम्मान है । हम प्रकृति के प्रति समर्पित होंगे तो प्रतिफल अच्छा मिलेगा।
पांडेय परिवार द्वारा किया जा रहा आयोजन
श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महामंत्री लोकेश पांडेय द्वारा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश पांडेय और पांडे परिवार के अन्य सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है। सैकड़ों की संख्या में बाणगंगा निवासी प्रतिदिन कथा का श्रवण कर रहे हैं।