खबरहेल्थ

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और गुणवत्तापूर्ण संचालन के सख्त निर्देश

भोपाल , 29 नवम्बर 2026
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक व्यापक, सुदृढ़ और आधुनिक स्वरूप देने के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के सभी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रविवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय सागर के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का प्राथमिक एवं द्वितीयक स्तर पर संचालन पूर्ण दक्षता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय और बुन्देलखंड मेडीकल कॉलेज के प्रत्येक वार्ड, आपातकालीन सेवाएँ, प्रसूति कक्ष, ओपीडी तथा अन्य स्वास्थ्य इकाइयाँ पूर्ण क्षमता एवं कुशलता के साथ संचालित हों।
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संबंधित जिला अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय और बुन्देलखंड मेडीकल कॉलेज सहित जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना से कार्य किया जाए।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य : हाई रिस्क प्रेग्नेसी पर सख्त फोकस
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि हाई रिस्क प्रेग्नेसी (एचआरपी) होने पर समस्त आवश्यक जांचें एवं सम्पूर्ण फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि हाई रिस्क प्रेग्नेसी वाली महिलाओं को प्रसव तिथि से 7 से 15 दिन पूर्व प्रसव केंद्र में भर्ती कराया जाए। समय से पूर्व भर्ती होने के लिए गर्भवती माताओं एवं उनके परिवारजनों को प्रोत्साहित और जागरूक किया जाए। उन्हें बताया जाए कि यह जच्चा बच्चा दोनों के लिए कितना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती माताओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कोई भी गर्भवती महिला पंजीयन से वंचित न रहे। प्रत्येक स्थिति में संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए तथा एचआरपी (उच्च जोखिम वाली गर्भवती) महिलाओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रक्त उपलब्ध कराया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) और शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) को कम करने के लिए उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों से सुझाव मांगे और परिणाममूलक कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रमुख स्वास्थ्य सेवाओं और संसाधनों की समीक्षा
बैठक में जिले में जनरल सर्जरी, प्रसूति सेवाओं, डायलिसिस, ब्लड बैंक, कीमोथेरेपी यूनिट, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी संचालन तथा कैंसर मरीजों के उपचार की स्थिति की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक स्तर की स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण, मॉनिटरिंग और फीडबैक प्रणाली लागू की जाए। उन्होंने चिकित्सालयों की स्वच्छता, प्रबंधन व्यवस्था, शव वाहन, एंबुलेंस तथा इमरजेंसी डॉक्टर और स्टाफ की उपलब्धता की भी समीक्षा की।

असंचारी रोगों की स्क्रीनिंग और टेलीमेडिसिन का विस्तार
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य असंचारी रोगों की नियमित और लगातार स्क्रीनिंग की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति जांच से वंचित न रहे।
टेलीमेडिसिन सेवा की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे और अधिक व्यापक स्वरूप देने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से ग्रामीण अंचलों तक विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श सुलभ हो सकेगा, जिससे मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा। उन्होंने टेलीमेडिसिन सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
जमीनी अमला, अधोसंरचना और जनप्रतिनिधियों के सुझाव
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और रोगों की रोकथाम में जमीनी स्वास्थ्य अमले की अहम भूमिका है। जिला स्तरीय अधिकारी इनके कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और उनका मनोबल बढ़ाएं। प्राइमरी हेल्थ सेंटर व सब हेल्थ सेंटर सुचारू रूप से संचालित हों, ताकि आमजन को परेशान न होना पड़े। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु निर्माणाधीन भवनों और अन्य अधोसंरचना कार्यों को शीघ्रता व गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान ही आवश्यक सुविधाएँ स्थापित की जाएं और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए सतत निगरानी की जा

स्वच्छता, समय पर उपचार और पारदर्शी प्रबंधन — ये तीनों किसी भी अस्पताल की विश्वसनीयता के प्रमुख आधार हैं। शासन की योजनाओं के जमीनी और प्रभावी क्रियान्वयन से ही जनता को वास्तविक लाभ मिल सकेगा।

बैठक में खुरई विधायक श्री भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ,बीना विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, ज़िला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, श्रीमती रानी कुशवाहा, श्री प्रभु दयाल पटेल, श्री शैलेश केसरवानी, अन्य जनप्रतिनिधि कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश गोमे , एडीएम श्री अविनाश रावत,, बीएमसी डीन डॉ पी एस ठाकुर, सीएमएचओ डॉ देवेश पटेरिया, डीपीओ श्री भारत राजपूत उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button