खबरदेशमध्य प्रदेश

3 साल में 9 करोड़ का सफाई टेंडर, फिर भी गंदगी से जूझता बीना रेलवे स्टेशन

निरीक्षण में सीवेज, अव्यवस्था और लापरवाही उजागर, उच्च स्तर पर होगी शिकायत-निलेश श्रीवास्तव

बीना। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य श्री निलेश कुमार श्रीवास्तव एवं श्री दिनेश पुरोहित द्वारा बीना रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) श्री आशीष अवस्थी एवं मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्री सुधीर साहू की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ।
पार्किंग व्यवस्था की जांच
निरीक्षण की शुरुआत स्टेशन पार्किंग से की गई। सदस्यों ने पाया कि पार्किंग क्षेत्र में अतिरिक्त स्थान विकसित किए जाने की संभावना है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सकती है।
टिकट काउंटर क्षेत्र में गंदगी और मशीन बंद
प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के बाहर टिकट काउंटर क्षेत्र में भारी मात्रा में गंदगी पाई गई तथा आसपास पशुओं की मौजूदगी देखी गई। टिकट वेंडिंग मशीन बंद मिली।
अधिकारियों द्वारा तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की उपलब्धता की जानकारी दी गई, किंतु निरीक्षण के समय एक भी कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला। इस पर सदस्यों ने नाराज़गी व्यक्त की।
पेयजल की कमी और ट्रैक पर सीवेज
प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के बाहर पेयजल नल उपलब्ध नहीं मिले। जल क्षेत्र में गंदगी का अंबार देखने को मिला। रेलवे ट्रैक में भारी मात्रा में सीवेज का पानी भरा पाया गया, जिससे दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने बताया कि सीवेज निकासी की समस्या इंजीनियरिंग विभाग से संबंधित है और पूर्व में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
3 वर्ष में 9 करोड़ का टेंडर, फिर भी स्थिति खराब
स्टेशन की सफाई व्यवस्था के लिए लगभग 9 करोड़ रुपये का तीन वर्षीय टेंडर जारी किया गया है। इतनी बड़ी राशि स्वीकृत होने के बावजूद स्टेशन परिसर में गंदगी और अव्यवस्था पाया जाना गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
खाद्य विक्रेताओं की अनियमितता
स्टेशन क्रमांक 3 के निरीक्षण में पाया गया कि कुछ विक्रेता शाकाहार एवं मांसाहार दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थ एक साथ बेच रहे हैं। सोपान रेस्टोरेंट एवं कंचन रेस्टोरेंट में शाकाहारी भोजनालय में अंडों की बिक्री पाई गई।
इसके अतिरिक्त, पानी की बोतल ₹15 में बेची जा रही थी, जो जांच का विषय है।
🎙 सदस्यों के बयान
निलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा:
“जब 3 वर्षों के लिए 9 करोड़ रुपये का टेंडर स्वीकृत है, तब स्टेशन पर इस प्रकार की गंदगी और सीवेज की स्थिति बिल्कुल अस्वीकार्य है। हम इस विषय की विस्तृत रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेजेंगे।”
दिनेश पुरोहित ने कहा:
“एनएसजी-3 श्रेणी के स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं की कमी गंभीर विषय है। शीघ्र सुधार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।”समिति सदस्यों ने बताया कि निरीक्षण की संपूर्ण रिपोर्ट भोपाल मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक को प्रेषित की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को भी पत्र भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button