खबरबिज़नेस

भारतीय मूल के अंश मैथानी की निगाहें हॉलीवुड पर, लेखक-निर्देशक के रूप में बना रहे हैं अपनी पहचान

उत्तराखंड की पहाड़ियों से लॉस एंजिलिस तक का सफर — पुरस्कारों से सम्मानित पटकथाओं, बेबाक कहानी कहने की शैली और विशिष्ट भारतीय दृष्टिकोण के साथ वैश्विक फिल्म जगत में अपनी जगह बनाने की ओर अग्रसर

मुंबई, 10 नवंबर 2026: भारतीय मूल के पटकथा लेखक और निर्देशक अंश मैथानी हॉलीवुड में अपने रचनात्मक सफर का विस्तार कर रहे हैं। न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी (NYFA) के पूर्व छात्र मैथानी भारतीय परिवेश से मिली अपनी कहानी कहने की विशिष्ट शैली को अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत तक ले जाने की कोशिश में जुटे हैं। ‘प्लीज लाईक जॉनी’ (Please Lije Johnny), लिपस्टिक ऑन ए पिग’ (Lipstick on a Pig) और ‘मेलफॅक्टर’ (Malefactor) जैसे प्रोजेक्ट्स उनके लेखन का हिस्सा रही हैं। अपनी बेबाक विषयवस्तु, नए विचारों और फिल्म निर्माण के प्रति जुनून के साथ वह हॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

महान फिल्मों को अक्सर उनके यादगार संवादों के लिए भी याद किया जाता है। “You can’t handle the truth”, “May the Force be with you” और “कितने आदमी थे?” जैसे संवाद फिल्मों से कहीं आगे निकलकर लोकप्रिय संस्कृति का हिस्सा बन चुके हैं। दर्शकों को इन संवादों को पर्दे पर जीवंत करने वाले कलाकारों जैसे की मार्लन ब्रैंडो, जैक निकोलसन, हैरिसन फोर्ड और अमजद खान आदि के नाम तो याद रहते हैं, लेकिन बहुत कम लोग उन लेखकों को जानते हैं, जिन्होंने इन शब्दों को कागज पर उतारा था। अंश मैथानी के लिए भी शब्दों की यही ताकत एक जुनून बन गई जो ऐसी कहानियां रचने का जुनून, जो फिल्म खत्म होने और पर्दा गिरने के बाद भी दर्शकों के मन में बनी रहें। भारत में अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए उन्होंने लॉस एंजिलिस में पटकथा लेखन की दुनिया में कदम रखा और अब हॉलीवुड में लेखक एवं निर्देशक के रूप में अपना करियर गढ़ रहे हैं।

उत्तराखंड की पहाड़ियों से ताल्लुक रखने वाले मैथानी ने अपनी स्कूली शिक्षा गुरुग्राम के एमिटी स्कूल से पूरी की और पुणे स्थित सिम्बायोसिस से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद वह पटकथा लेखन में मास्टर्स की पढ़ाई के लिए लॉस एंजिलिस चले गए, जहां उन्होंने न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी में दाखिला लिया। इसी संस्थान से कड़ी मेहनत और रचनात्मक प्रशिक्षण की शुरुआत करने वालों में क्यूरी बार्कर भी शामिल हैं, जो चर्चित हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ के लेखक-निर्देशक हैं। लेखन, निर्माण और निर्देशन में अपनी बहुआयामी क्षमताओं को विकसित करने के उद्देश्य से मैथानी इसी संस्थान से फिल्म निर्माण में दूसरी मास्टर्स डिग्री भी कर रहे हैं।

पिछले चार वर्षों में उन्होंने हॉलीवुड में अपनी रचनात्मक क्षमता को लगातार निखारा है। इस दौरान उनका काम फीचर फिल्मों, थिएटर और विभिन्न फिल्म समारोहों में सराही गई पटकथाओं तक फैला रहा है। वह एक ऐसी फीचर फिल्म से भी जुड़े रहे हैं, जिसमें ‘Better Call Saul’, ‘Veep’ और ‘Cobra Kai’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम कर चुके कलाकार शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने एक नाटक भी लिखा, जिसका मंचन ब्रिकहाउस थिएटर में राइट एक्ट रेपर्टरी कंपनी के लिए किया गया। उनकी पटकथाओं को ऑस्टिन फिल्म फेस्टिवल, शर्मन ओक्स फिल्म फेस्टिवल, गोल्डन स्टेट फिल्म फेस्टिवल और बैंकॉक मूवी अवॉर्ड्स सहित कई प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में पुरस्कार और आधिकारिक चयन के रूप में पहचान मिली है।

मैथानी की हालिया परियोजना लघु फिल्म ‘मिल्कशेक’ है, जिसके लेखक और निर्देशक दोनों की जिम्मेदारी उन्होंने निभाई है। डार्क कॉमेडी की शैली में बनी यह फिल्म एक ऐसे अपहरणकर्ता की कहानी है, जो एक युवती को बंधक बनाकर उसके पिता के अपराधों को उजागर करना चाहता है। खास बात यह है कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही इसकी पटकथा तीन अलग-अलग फिल्म समारोहों में ‘बेस्ट शॉर्ट स्क्रिप्ट’ का पुरस्कार जीत चुकी थी। फिल्म की शूटिंग के दौरान मैथानी ने अनुभवी सिनेमैटोग्राफर शिवाशिष आहूजा के साथ काम किया, जिनके काम में बिली आइलीश, एलेसिया कारा और दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकारों की परियोजनाएं शामिल रही हैं। फिलहाल ‘मिल्कशेक’ फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में है और जल्द ही विभिन्न फिल्म समारोहों में अपनी यात्रा शुरू करने की उम्मीद है।

मैथानी की एक अन्य फीचर फिल्म पटकथा ‘प्लिज लाईक जॉनी’ (Please Like Johnny) की कहानी एक ऐसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे सार्वजनिक रूप से नापसंद किए जाने के बाद वह फ्लोरिडा के गवर्नर के साथ मिलकर मृत्युदंड को एक सार्वजनिक तमाशे में बदलने की योजना बनाता है। उसका मकसद है कि किसी तरह उसे हर कोई पसंद करने लगे। इस पटकथा को प्रतिष्ठित ‘ऑस्टिन फिल्म फेस्टिवल’ में स्थान मिला है, जिसे पटकथा लेखन के क्षेत्र में उद्योग के सबसे सम्मानित मंचों में गिना जाता है। इसके अलावा, इसने कई अन्य फिल्म समारोहों में भी पुरस्कार हासिल किए हैं।

इस पटकथा का विषय आज की वास्तविक घटनाओं के संदर्भ में और भी प्रासंगिक तथा असहज करने वाला हो गया है। व्हाइट हाउस द्वारा कथित तौर पर मृत्युदंड की सजा को लाइव-स्ट्रीम करने की योजना बनाए जाने संबंधी खबरों के बाद इसकी कहानी महज व्यंग्य नहीं, बल्कि भविष्य की एक संभावित तस्वीर जैसी लगने लगी है।

मैथानी के लिए फिल्म निर्माण का उद्देश्य केवल किसी नए फिल्म उद्योग में जगह बनाना नहीं है। वह कहते हैं, “मेरा मकसद किसी कहानी को उसके सर्वोत्तम संभव तरीके से दर्शकों के सामने रखना है। मैं चाहता हूं कि दर्शक फिल्म देखने के बाद यह महसूस करें कि उन्होंने अपना समय सार्थक ढंग से बिताया। इसका मतलब यह जरूरी नहीं कि फिल्म केवल उनका मनोरंजन ही करे।”

भारतीय और अमेरिकी फिल्म उद्योग के बीच अंतर पर अपनी राय रखते हुए मयथानी कहते हैं, “बॉलीवुड में अक्सर पूरा ध्यान सितारों पर केंद्रित रहता है। वहीं हॉलीवुड में पटकथा लेखकों को भी चर्चा और रचनात्मक प्रक्रिया का अहम हिस्सा माना जाता है।”

लॉस एंजिलिस में अपनी नई परियोजनाओं पर काम जारी रखते हुए मैथानी एक पटकथा लेखक के साथ-साथ निर्देशक के रूप में भी अपनी रचनात्मक पहचान को व्यापक बनाना चाहते हैं। साथ ही, वह अपनी भारतीय जड़ों और उनसे मिली दृष्टि को भी अपनी कहानियों का अभिन्न हिस्सा बनाए रखना चाहते हैं। उनकी यह यात्रा उन भारतीय मूल के रचनाकारों की बढ़ती महत्वाकांक्षा को दर्शाती है, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने के साथ-साथ वैश्विक दर्शकों तक अपनी कहानियां अपने रचनात्मक अंदाज में पहुंचाना चाहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button