एजुकेशनखबरमध्य प्रदेश

37वीं CII वेस्टर्न रीजन वर्कस्किल्स प्रतियोगिता में AISECT ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज ने हासिल किया दूसरा स्थान

SGSU के प्रतिभागियों ने जीते 14 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल; समूह ने कुल 25 पदक एवं सम्मान हासिल किए, 25 प्रतिभागियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन

भोपाल, अक्टूबर 2026। स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (SGSU), भोपाल के लिए गौरव का विषय है कि 37वीं CII वेस्टर्न रीजन वर्कस्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 में AISECT ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज (AGU) ने ओवरऑल मेडल टैली में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता में देश के प्रतिष्ठित उद्योग समूहों एवं संस्थानों से जुड़े 355 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें Godrej, Tata Motors, Suzlon, Mitsubishi और Somany जैसे प्रमुख उद्योग समूह भी शामिल रहे।
इस प्रतियोगिता में AISECT ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 25 मेडल एवं सम्मान अपने नाम किए, जिनमें 17 गोल्ड मेडल, 5 सिल्वर मेडल और 3 Medallions of Excellence शामिल हैं।
मेडल टैली में स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (SGSU) ने सर्वाधिक योगदान देते हुए 14 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल हासिल किए। वहीं, आरएनटीयू (RNTU) के प्रतिभागियों ने 3 गोल्ड मेडल, 1 सिल्वर मेडल और 3 Medallions of Excellence प्राप्त किए। सीवी रमन यूनिवर्सिटी खंडवा (CVRUK) ने 1 सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस सामूहिक उपलब्धि के साथ AISECT ग्रुप ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी कौशल-आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को प्रदर्शित किया।
इस उपलब्धि पर स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा, “यह उपलब्धि हमारे उस विजन को साकार करती है, जिसके केंद्र में विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि वास्तविक कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने योग्य कौशल प्रदान करना है। CII वर्कस्किल्स प्रतियोगिता में AISECT ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज का दूसरा स्थान और विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन हमारी कौशल-आधारित शिक्षा प्रणाली तथा उद्योगोन्मुख दृष्टिकोण की सफलता को दर्शाता है। हमें अपने विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत पर गर्व है।”
स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. विजय सिंह ने कहा, “आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके पास व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप कौशल होना भी आवश्यक है। इस प्रतियोगिता में हमारे विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 25 प्रतिभागियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना हमारे लिए विशेष उपलब्धि है। यह सफलता विद्यार्थियों और उन्हें मार्गदर्शन देने वाली पूरी टीम के समर्पण का परिणाम है।”
यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. सितेश कुमार सिन्हा ने कहा, “इस प्रकार की राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर की कौशल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को परखने, आत्मविश्वास विकसित करने और उद्योग जगत के मानकों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का अवसर प्रदान करती हैं। 17 गोल्ड मेडल, 5 सिल्वर मेडल और 3 Medallions of Excellence के साथ यह उपलब्धि हमारे विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और व्यावहारिक प्रशिक्षण का परिणाम है। हमें विश्वास है कि हमारे प्रतिभागी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।”
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने कुकिंग, कलिनरी, होटल रिसेप्शन, वेब टेक्नोलॉजी, 3D गेम आर्ट और ऑटोमोटिव जैसे विभिन्न कौशल क्षेत्रों में अपनी दक्षता, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उद्योग जगत के मानकों के अनुरूप प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता और कार्य-कौशल का मूल्यांकन किया गया।
इस उपलब्धि का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि AISECT ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज के 25 प्रतिभागियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। ये प्रतिभागी दिसंबर 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में वेस्टर्न रीजन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह उपलब्धि AISECT ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज की कौशल-आधारित शिक्षा, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण और विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अब सभी की निगाहें दिसंबर 2026 में नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पर हैं, जहां चयनित प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button