खबरमध्य प्रदेश

शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी, ज्ञान का अहंकार और अहंकार का ज्ञान दोनों में अंतर है – उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल 11 नवंबर 2026 उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आज सीधी जिले के ग्राम बेलदह पहुंचकर समाजसेवी स्वर्गीय पंडित शिवकुमार दुबे की पुण्य स्मृति में स्थापित प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा एवं सीधी के पूर्व सांसद गोविंद मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में श्री बाला व्यंकटेश शास्त्री विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक हैं। केवल ज्ञान अर्जित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस ज्ञान के साथ विनम्रता और अच्छे संस्कार होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ज्ञान का अहंकार होना और अहंकार का ज्ञान होना, इन दोनों में बहुत अंतर है। मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके ज्ञान के साथ-साथ उसके व्यवहार, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण से होती है।

उन्होंने स्वर्गीय शिवकुमार दुबे के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्व अपने अच्छे कार्यों और विचारों के माध्यम से सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहते हैं। ऐसे व्यक्तित्वों की स्मृति में स्थापित प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों और समाजसेवा की प्रेरणा देती रहेंगी।

इस अवसर पर सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने स्वर्गीय शिवकुमार दुबे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक समरसता, सद्भाव और जनसेवा की भावना का प्रतीक रहा है। समाज के प्रति उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। उनकी स्मृति में प्रतिमा की स्थापना नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है।

रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि किसी व्यक्ति का वास्तविक सम्मान उसके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों और लोगों के दिलों में बनाई गई जगह से होता है। स्वर्गीय शिवकुमार दुबे ने अपने व्यक्तित्व और सामाजिक व्यवहार से क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम उनके प्रति समाज की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय शिवकुमार दुबे क्षेत्र में ‘सेक्रेटरी साहब’ के नाम से लोकप्रिय थे। समाज में उनकी अच्छी प्रतिष्ठा थी तथा उन्होंने अपने व्यवहार और सामाजिक कार्यों से लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया था। उनकी पुण्य स्मृति में उनके निज निवास ग्राम बेलदह में प्रतिमा अनावरण समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महेश प्रसाद दुबे एवं डॉ. डी.एन. दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं परिवारजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button