दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों पर हुआ हमला भले ही बच गया हो, लेकिन आतंकियों की घबराहट और कायरता एक बार फिर सामने आ गई है। नौपोरा अखरन इलाके में दोनों आतंकी अपनी पहचान छिपाने के लिए पारंपरिक कश्मीरी लिबास ‘फेरन’ पहने हुए थे। आतंकियों ने अपने हथियार फेरन के अंदर ही छिपा रखे थे और इन्हें वारदात से ठीक पहले बाहर निकाला था
हमलावरों का मकसद केवल हमला करना नहीं था
दोपहर करीब 2:15 बजे सुरक्षाबल नियमित नाका चेकिंग और एरिया डोमिनेशन ड्यूटी पर तैनात थे। सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने सीआरपीएफ के नाके के बिल्कुल करीब पहुंचते ही फेरन के भीतर से स्वचालित हथियार निकाले और जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमलावरों का मकसद केवल हमला करना नहीं था, बल्कि सुरक्षाबलों को अचानक नुकसान पहुंचाकर उनके हथियार लूटना भी था।
कुलगाम आतंकी हमला – फोटो : बासीत जरगर
हमले की टाइमिंग और लोकेशन से उठे सवाल
इस हमले की टाइमिंग और लोकेशन कई गंभीर सवाल खड़े करती है। घटना के वक्त महज 14 किलोमीटर दूर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ‘वेशो फेस्टिवल’ के उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों के पास आतंकी गतिविधियों का पुख्ता इनपुट पहले से था, जिसके चलते सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया था। आतंकियों की मंशा भीषण रक्तपात करने की थी, लेकिन नाके पर तैनात जवान गोलियां लगने के बावजूद डटे रहे और जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों को उल्टे पांव भागने पर मजबूर कर दिया।