एजुकेशनमध्य प्रदेश

आईआईटी मुंबई में सामाजिक उद्यमिता पर संवाद, डॉ. संतोष चौबे ने विद्यार्थियों से साझा की आईसेक्ट की चार दशक से अधिक की प्रेरक यात्रा

तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से सामाजिक चुनौतियों के समाधान तथा जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने पर दिया जोर; फरवरी 2027 में आईआईटी मुंबई के साथ संयुक्त रूप से नेशनल सोशल एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्फ्रेंस के आयोजन पर सहमति

भोपाल। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में सामाजिक उद्यमिता (Social Entrepreneurship) विषय पर एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। आईआईटी मुंबई के सामाजिक उद्यमिता केंद्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आईसेक्ट इंडिया समूह के चेयरमैन डॉ. संतोष चौबे ने बी.टेक द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक उद्यमिता की अवधारणा, तकनीक की सामाजिक उपयोगिता और आईसेक्ट की चार दशक से अधिक की विकास यात्रा के अनुभव साझा किए।
संवाद के दौरान डॉ. संतोष चौबे ने बताया कि आईसेक्ट की शुरुआत एक महत्वपूर्ण और व्यावहारिक विचार के साथ हुई थी कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी ज्ञान कैसे पहुंचाया जाए। इसी उद्देश्य से शुरू हुई पहल ने समय के साथ एक व्यापक स्वरूप लिया और कौशल विकास, उच्च शिक्षा, वित्तीय समावेशन तथा डिजिटल सेवाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण पहचान स्थापित की।
उन्होंने कहा कि सामाजिक उद्यमिता का उद्देश्य केवल व्यवसाय स्थापित करना या आर्थिक लाभ अर्जित करना नहीं है, बल्कि समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर ऐसे व्यावहारिक और टिकाऊ समाधान विकसित करना है, जिनका लाभ समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंच सके। तकनीक और नवाचार की सार्थकता तभी है, जब इनके माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक उद्यमिता पर केंद्रित अपनी पुस्तक ‘बिग कंट्री, लिटिल बिजनेस’ (Big Country, Little Business) का भी उल्लेख किया। साथ ही, आईसेक्ट के कार्यों और सामाजिक प्रभाव पर आधारित हार्वर्ड केस स्टडी, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) केस स्टडी तथा विश्व बैंक केस स्टडी के अनुभवों को भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इन उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने बताया कि किस प्रकार स्थानीय जरूरतों को केंद्र में रखकर विकसित किए गए उद्यम व्यापक सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का माध्यम बन सकते हैं।
डॉ. चौबे ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इंजीनियरिंग की शिक्षा केवल तकनीकी ज्ञान और कौशल प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और तकनीकी दक्षता का उपयोग समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए भी करना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, वित्तीय समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में युवाओं के पास नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से बदलाव लाने की अपार संभावनाएं हैं।
डॉ. चौबे ने कहा कि आईसेक्ट की चार दशकों से अधिक की यात्रा के अनुभवों को देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों के साथ साझा करना उनके लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने प्रत्येक प्रोजेक्ट और नवाचार के दौरान यह जरूर सोचें कि उनके प्रयास से समाज के किस वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। उन्होंने कहा कि भारत में सामाजिक उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं और युवा तकनीकी ज्ञान को स्थानीय समस्याओं की समझ तथा सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जोड़कर प्रभावी एवं सुलभ समाधान विकसित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आईआईटी मुंबई और आईसेक्ट के बीच सामाजिक उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस दिशा में दोनों संस्थानों के बीच हुए एमओयू के तहत संयुक्त गतिविधियों और पहलों को विस्तार देने पर सहमति बनी। साथ ही, फरवरी 2027 में दोनों संस्थानों द्वारा संयुक्त रूप से नेशनल सोशल एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रस्तावित सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक उद्यमिता, नवाचार, तकनीकी समाधान और समावेशी विकास से जुड़े विषयों पर शिक्षाविदों, उद्यमियों, विशेषज्ञों एवं युवाओं को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
संवाद सत्र में अनुभव आधारित शिक्षा, उद्यमशील सोच और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी दक्षता विकसित करने के महत्व पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज की चुनौतियों को समझने तथा उनके व्यावहारिक और प्रभावी समाधान तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. संतोष चौबे ने इस सार्थक संवाद के आयोजन और इसे संभव बनाने के लिए प्रोफेसर आशीष पांडे, प्रोफेसर निशा पांडे और प्रोफेसर अमिताभ सक्सेना के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button