अध्यात्ममध्य प्रदेश

कोलार के सहस्रबाहु ब्रिज पर कल (14 नवंबर को) 10 हजार दीपों से बनेगा आस्था और एकता का नया इतिहास कलचुरी सेना का आह्वान—हर परिवार 21 दीप लेकर पहुंचे; पूजा-अर्चना, महाआरती के साथ होगी भव्य आतिशबाजी

भोपाल। भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन के जन्मोत्सव पर राजधानी भोपाल में इस वर्ष भक्ति, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कलचुरी सेना परिवार द्वारा 14 नवंबर को आयोजित होने जा रहा सहस्त्रदीपोत्सव इस बार व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। संयोजक राजेश राय ने बताया कि कोलार रोड स्थित जेके अस्पताल गेट के सामने स्थित भगवान श्री सहस्रबाहु ब्रिज को 10 हजार दीपों से आलोकित करने की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। इसके लिए कलचुरी सेना परिवार ने सभी सामाजिक बंधुओ, परिजनो से 21 दीप, घी, बाती के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील जारी की है। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए समाज के विभिन्न संगठनों, परिवारों, युवाओं और मातृशक्ति को आमंत्रित किया गया है।

कलचुरी सेना के अध्यक्ष कौशल राय का कहना है कि जब समाज का प्रत्येक परिवार स्वयं दीप प्रज्वलित करेगा, तभी यह आयोजन सामूहिक एकता और सामाजिक सहभागिता का वास्तविक प्रतीक बनेगा।

दीपों के माध्यम से समाज को जोड़ने की पहल
कलचुरी सेना मध्यप्रदेश के प्रवक्ता एवं कार्यक्रम संयोजक राजेश राय ने बताया कि सहस्त्रदीपोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को एक साझा मंच पर जोड़ना है। भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्शों, शौर्य, पराक्रम, न्यायप्रियता और लोककल्याण की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

श्री राय ने कहा कि एक परिवार के 21 दीप जब हजारों परिवारों की सहभागिता से प्रज्वलित होंगे, तो यह प्रकाश सामाजिक एकता, आत्मसम्मान और संगठनात्मक शक्ति का संदेश देगा। आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

धार्मिक अनुष्ठान के साथ प्रतिभाओं का होगा सम्मान
कार्यक्रम में भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन की विधिवत पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन, आरती और जयघोष के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। कलचुरी सेना के संगठन मंत्री वीरसिंह राय ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु के जन्मोत्सव को समाज जागरण, सांस्कृतिक पहचान और संगठनात्मक मजबूती के पर्व के रूप में मनाने की आवश्यकता है। समाज की नई पीढ़ी को अपने इतिहास और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण मांग है।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति से बढ़ेगी आयोजन की गरिमा
सहस्त्रदीपोत्सव में कार्यक्रम संरक्षिका श्रीमती पूनम चौकसे, मुख्य अतिथि भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय एवं भाजपा प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता एलएनसीटी समूह के चेयरमैन एवं अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जय नारायण चौकसे करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. एलएन मालवीय की उपस्थिति रहेगी।

आयोजन में कलचुरी सेना अध्यक्ष कौशल राय, एडवोकेट एमएल राय, वरिष्ठ नागरिक मंच की अध्यक्ष कल्पना आईडी राय, एडवोकेट राजेंद्र कुमार शिवहरे, प्रकाश राय, प्रकाश मालवीय, हरिराम राय, देवेंद्र चौकसे, राजराम शिवहरे सहित अनेक वरिष्ठजन और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी सहभागिता करेंगे।

कलचुरी सेना के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन चौकसे, संजय चौकसे, वीरसिंह राय, वैभव वर्मा, प्रमोद राय, लक्ष्मीनारायण चौकसे, संतोष राय, महेश राय, ऋषि राय, प्रमोद ओम जायसवाल और रामशंकर शिवहरे सहित अनेक कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। इसके साथ ही समाज की मातृशक्ति, युवा प्रतिनिधि, चिकित्सक, शिक्षाविद, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।

समाज के हर परिवार से सहभागिता की अपील
आयोजन समिति ने भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों में निवासरत समस्त कलचुरी समाजबंधुओं और सामाजिक संगठनों से सपरिवार पहुंचने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि यह महोत्सव किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा आयोजन है। प्रत्येक परिवार की सहभागिता ही इसकी सबसे बड़ी सफलता होगी।

कलचुरी सेना परिवार ने संदेश दिया है कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के जन्मोत्सव पर प्रज्वलित होने वाला प्रत्येक दीप समाज के गौरव, संस्कार, सहयोग और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बने। समाज के लोग 21 दीपों के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक पहल के सहभागी बनें।

कार्यक्रम विवरण:
दिनांक : 14 नवंबर 2026, शनिवार
समय : शाम 6 बजे से
स्थान : भगवान श्री सहस्रबाहु ब्रिज, जेके अस्पताल गेट के सामने, कोलार रोड, भोपाल।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button