खबरमध्य प्रदेशहेल्थ

बसामन मामा की तर्ज पर हिनौती गौधाम के गौ सेवकों को भी दिया जायेगा वेतन उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने की प्रचलित विकास कार्यों की समीक्षा

भोपाल 24 नवंबर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सर्किट हाउस, रीवा में आयोजित बैठक में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार एवं हिनौती गौ धाम सहित क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में गौशालाओं के बेहतर प्रबंधन, लंबित भुगतानों के निराकरण और कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने हिनौती गौ धाम के कर्मचारियों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए निर्देश दिए कि बसामन मामा गौवंश वन्य विहार की तर्ज पर यहाँ के प्रबंधक तथा सहायक प्रबंधक का मासिक मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया जाए। साथ ही, गौ सेवकों का वेतन भी 7 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रति माह करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ सेवकों के मानदेय तथा गौ माता के लिए भूसा, चारा एवं चोकर की राशि का भुगतान हर माह नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा के दौरान दोनों गौ धामों में कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लंबित भुगतानों पर चर्चा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त कटरा मार्ग से हिनौती गौ धाम को जोड़ने वाले स्वीकृत मार्ग का निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। हिनौती गौ धाम के सामुदायिक भवन की टेंडर प्रक्रिया और नवीन शेड के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर उनका लोकार्पण करने पर चर्चा की गई। बसामन मामा गौवंश वन्य विहार एवं हिनौती गौ धाम के अध्यक्ष के बैंक खाता संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। ​बैठक में गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष श्री राजेश पाण्डेय, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा गौशाला संचालन समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button