खबरमध्य प्रदेश

जनजातीय नायक टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर होंगे छात्रावासों में संवाद कार्यक्रम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनजातीय नायक टंट्या मामा के योगदान का पुण्य स्मरण करते हुए उनके बलिदान दिवस पर प्रदेश में 4 दिसम्बर को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ छात्रावासों में संवाद कार्यक्रम होंगे, जिनमें जनजातीय नायक टंट्या मामा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा होगी। इस संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, जनजातीय विकास मंत्री श्री विजय शाह, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गरिमामय आयोजन के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनजातीय नायक टंट्या मामा की स्मृति और सम्मान में उनके नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। टंट्या मामा तत्कालीन समाज में बेहद लोकप्रिय थे। उन्हें जनजातीय समाज में मसीहा के रूप में देखा जाता था। अंग्रेजों द्वारा उन्हें जबलपुर में 4 दिसम्बर 1889 को फांसी दे दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समाज के आराध्य भगवान बिरसा मुंडा की जयंती गत 15 नवम्बर को राज्य में मनाई गई। अंग्रेजों के विरूद्ध जनजातीय नायकों द्वारा किए गए संघर्ष और बलिदान के लिए राष्ट्रवासी कृतज्ञ हैं। वीडियो कान्फ्रेंस में सांसद श्री शंकर लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button