विश्व अग्नाशय (पैंक्रियाटिक) कैंसर दिवस पर विशेष आलेख 2026
विश्व अग्नाशय (पैंक्रियाटिक) कैंसर दिवस पर विशेष आलेख 2026 डॉ. विशाल गुप्ता, अतिरिक्त प्राध्यापक, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, एम्स भोपाल

विश्व अग्नाशय (पैंक्रियाटिक) कैंसर दिवस प्रत्येक वर्ष नवंबर माह के तीसरे गुरुवार को मनाया जाता है। इस वर्ष यह 19 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। इसका उद्देरश्य आम जनता में उस “silent कैंसर” के प्रति जागरूकता फैलाना है, जिसकी पहचान अक्सर देर से होती है क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण अस्पष्ट होते हैं या आसानी से नजरअंदाज कर दिए जाते हैं। “अग्नाशय कैंसर, इसके जोखिम कारकों, इससे जुड़े भ्रमों तथा रोकथाम के उपायों की सही जानकारी लोगों को शीघ्र निदान और बेहतर उपचार परिणाम प्राप्त करने में मदद कर सकती है।” यह जानकारी देते हुये डॉ. विशाल गुप्ता, अतिरिक्त प्राध्यापक, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, एम्स भोपाल ने बताया कि सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग द्वारा प्रत्येक गुरुवार को गैस्ट्रोसर्जरी ओपीडी में विशेष पैंक्रियास क्लिनिक संचालित किया जाता है। डॉ. विशाल गुप्ता, ने इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी भी दी है। .
अग्नाशय कैंसरः सच जानें, जीवन बचाएं
विश्व स्तर पर अग्नाशय कैंसर 11वां सबसे आम कैंसर है। हर वर्ष विश्वभर में 5 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित होते हैं और यह कैंसर से होने वाली मृत्यु का छठा सबसे बड़ा कारण है। भारत में प्रतिवर्ष 10,000 से अधिक नए मामलों का पता चलता है और बदलती जीवनशैली के कारण इसकी संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। अग्नाशय कैंसर सबसे चुनौतीपूर्ण कैंसरों में से एक है क्योंकि यह अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के विकसित होता है। अधिकांश मरीजों में इसका पता तब चलता है जब रोग उन्नत अवस्था में पहुंच चुका होता है। हालांकि अग्नाशय के कुछ अन्य प्रकार के ट्यूमर, जैसे सिस्टिक ट्यूमर, अपेक्षाकृत बेहतर परिणाम वाले होते हैं। इसलिए जागरूकता बढने से समय पर जांच, शीघ्र निदान, बेहतर उपचार और रोगमुक्ति की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने कहा है कि इन निम्नलिखित चेतावनी या संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिये. निम्नलिखित में से कोई लक्षण दिखाई दें तो विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें आंखों या त्वचा का पीला पड़ना (पीलिया), गहरे रंग का मूत्र या फीके रंग का मल, ऊपरी पेट में, लगातार दर्द जो पीठ तक फैल सकता है, बिना कारण वजन कम होना, भूख में कमी, 50 वर्ष की आयु के बाद नया मधुमेह (डायबिटीज) होना, लगातार थकान, बिना स्पष्ट कारण के मतली या पाचन संबंधी समस्याएं। इन लक्षणों का अर्थ हमेशा कैंसर नहीं होता, लेकिन इनकी जांच अवश्य करानी चाहिए। “हमने ऐसे कई मरीज देखे हैं जो लंबे समय तक अपने लक्षणों को नजरअंदाज करते रहते हैं और तब आते हैं जब ट्यूमर बहुत बड़ा हो चुका होता है या तिल्ली, यकृत अथवा छोटी आंत को रक्त पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाओं को प्रभावित कर चुका होता है, जिससे शल्य चिकित्सा कठिन अथवा असंभव हो जाती है। पिछले वर्ष हमने एक ऐसे मरीज का ऑपरेशन किया जिसमें अग्नाशय का ट्यूमर 4 किलोग्राम से अधिक वजन का था और मरीज ने एक वर्ष से अधिक समय तक अपने लक्षणों को नजरअंदाज किया था।” डॉ. विशाल गुप्ता गुप्ता ने बताया कि इस बारे में कई भ्रांतियां भी हैं, उन्होंने इसको लेकर सच्चाई के बारे में भी बताया है ।
भ्रांतियां और सच्चाई
भ्रांति 1:”अग्नाशय कैंसर केवल बुजुर्गों को होता है।”
सच्चाईः हालांकि उम्र बढ़ने के साथ इसका जोखिम बढ़ता है, लेकिन धूम्रपान, मोटापा, शराब सेवन, मधुमेह, आनुवंशिक कारण, पारिवारिक इतिहास तथा क्रॉनिक पैंक्रियाटाइटिस जैसे जोखिम कारकों की उपस्थिति में युवा लोगों में भी यह कैंसर हो सकता है।
भ्रांति 2: “यदि मुझे कोई लक्षण नहीं है, तो चिंता की जरूरत नहीं।”
सच्चाईः प्रारंभिक अवस्था का अग्नाशय कैंसर बहुत कम या बिल्कुल लक्षण नहीं देता। इसलिए जोखिम कारकों के प्रति जागरूक रहना और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना महत्वपूर्ण है।
भांति 3: “अग्नाशय कैंसर में हमेशा तेज पेट दर्द होता है।”
सच्चाईः शुरुआती अवस्था में यह कैंसर कोई लक्षण नहीं भी दे सकता है या केवल हल्के और अस्पष्ट लक्षण जैसे थकान, वजन घटना, भूख कम लगना, नया मधुमेह या पीलिया दिखाई दे सकते हैं। तीव्र दर्द आमतौर पर उन्नत अवस्था में होता है।
भांति 4: “केवल धूम्रपान करने वालों को ही अग्नाशय कैंसर होता है।”
सच्चाईः धूम्रपान जोखिम बढ़ाता है, लेकिन गैर-धूम्रपान करने वाले लोगों में भी यह कैंसर हो सकता है। आनुवंशिक और पर्यावरणीय कारक भी इसकी भूमिका निभाते हैं। अधिक मात्रा में ग्रिल्ड (grilled) या प्रोसेस्ड मांस, तले हुए खाद्य पदार्थ और कोलेस्ट्रॉल युक्त भोजन का सेवन जोखिम बढ़ा सकता है, जबकि फल और सब्जियों से भरपूर आहार सुरक्षात्मक प्रभाव देता है। “अग्नाशय में वसा (Pancreatic Fat) का जमाव अब अग्नाशय कैंसर के एक महत्वपूर्ण जोखिम कारक के रूप में उभर रहा है।” डॉ. गुप्ता ने बताया। वे हाल ही में Nature Reviews Gastroenterology & Hepatology में प्रकाशित मेलबर्न सहमति दस्तावेज जारी करने वाले अंतरराष्ट्रीय Global Intrapancreatic FaT (GIFT) Alliance का हिस्सा रहे हैं।
भांति 5: “मधुमेह हमेशा अग्नाशय कैंसर का कारण बनता है।”
सच्चाईः मधुमेह वाले अधिकांश लोगों को कभी अग्नाशय कैंसर नहीं होता। हालांकि कुछ वयस्कों में नया मधुमेह इस कैंसर का प्रारंभिक संकेत हो सकता है, इसलिए चिकित्सकीय जांच आवश्यक है।
भांति 6: “जोखिम कम करने के लिए मैं कुछ नहीं कर सकता।”
सच्चाई: स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अग्नाशय कैंसर सहित कई बीमारियों का जोखिम कम किया जा सकता है। डा गुप्ता ने जोखिम कम करने के उपाय भी बताये हैं . धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहें, स्वस्थ वजन बनाए रखें नियमित शारीरिक गतिविधि करें फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालों से भरपूर संतुलित आहार लें, प्रोसेस्ड और लाल मांस का सेवन सीमित करें , अत्यधिक शराब सेवन से बचें, परिवार में अग्नाशय कैंसर का इतिहास होने पर चिकित्सकीय सलाह लें ।
यदि आप उच्च जोखिम समूह में हैं तो समय-समय पर आवश्यक जांच करवाएं डा गुप्ता ने सलाह दी है कि यदि लगातार पेट दर्द, बिना कारण वजन कम होना, पीलिया या अचानक रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) में बदलाव महसूस हो तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। समय पर जांच और उपचार जीवन बचा सकता है। उन्होंने एक सन्देश देते हुये कहा है कि अग्नाशय कैंसर का प्रारंभिक पहचान करना कठिन हो सकता है, लेकिन जागरूकता जीवन बचा सकती है। इसकी चेतावनी और संकेतों को पहचानना, जोखिम कारकों को समझना, भ्रांतियों को दूर करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डॉ. नरेंद्र कोतवाल, कार्यपालक निदेशक, एम्स भोपाल ने आम जनता से अपील की है कि “विश्व अग्नाशय कैंसर जागरूकता दिवस पर आइए हम सभी सही जानकारी फैलाएं, समय पर चिकित्सकीय जांच के लिए लोगों को प्रेरित करें और इस बीमारी से प्रभावित मरीजों तथा उनके परिवारों का समर्थन करें।”




