एजुकेशनखबर

स्वावलंबन एवं उड़ान परियोजनाओं के तहत 880 युवाओं को मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ने की पहल

युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉर्मेंस (CRISP), भोपाल द्वारा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), बीना रिफाइनरी के सहयोग से स्वावलंबन एवं उड़ान परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन दोनों परियोजनाओं के अंतर्गत इस वर्ष प्रथम चरण में कुल 880 युवाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इनमें स्वावलंबन परियोजना के तहत 690 तथा उड़ान परियोजना के तहत 190 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निशुल्क एवं रहवासी है जिसका व्यय भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन – बीना रिफाइनरी द्वारा वहन किया जायेगा।

इसी क्रम में सोमवार, 23 नवंबर को CRISP परिसर, भोपाल में दोनों परियोजनाओं का औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री बसंत कुर्रे, संचालक – कौशल विकास, मध्य प्रदेश शासन, BPCL बीना रिफाइनरी के मुख्य महाप्रबंधक श्री शिरीष चांदेकर, प्रबंधक श्री हरिओम मिश्रा एवं CRISP के संचालक श्री अमोल वैद्य उपस्थित रहे।

स्वावलंबन परियोजना के अंतर्गत सोलर PV इंस्टॉलर (सूर्यमित्र) एवं CNC ऑपरेटर ट्रेड में तीन माह का निःशुल्क रहवासी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वहीं उड़ान परियोजना के तहत वेल्डर एवं फिटर ट्रेड में एक माह का निःशुल्क रहवासी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को संबंधित ट्रेडों में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी दक्षता प्रदान की जाएगी, ताकि वे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार के लिए तैयार हो सकें। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

CRISP द्वारा विगत वर्ष स्वावलंबन परियोजना के अंतर्गत 420 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया था, जिनमें से 87 प्रतिशत प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार प्राप्त हुआ। इस सकारात्मक परिणाम को आगे बढ़ाते हुए चालू वर्ष में दोनों परियोजनाओं के माध्यम से 880 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इन परियोजनाओं का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनाना है। CRISP का प्रयास है कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार कर युवाओं के लिए बेहतर आजीविका एवं रोजगार की संभावनाएं विकसित की जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button