
भारत सिटी सोसायटी में मंगलवार देर रात हुए हादसे के बाद से डर का माहौल है। स्थिति यह है कि बी-1 टॉवर की नौवीं मंजिल पर रहने वाले परिवार यहां से फ्लैट बदलने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए लगातार प्रॉपर्टी डीलर से संपर्क कर रहे हैं। आत्महत्या करने वाली किशोरियों का परिवार टॉवर की इसी मंजिल पर रहता हैहादसे के दूसरे दिन गुरुवार को अमर उजाला की टीम यहां पहुंची तो दिनभर चहल-पहल वाली सोसायटी में अजीब सा सन्नाटा पसरा मिला। सोसायटी के बीच बने जिस पार्क में आमतौर पर बच्चों की भीड़ रहती है, वहां एक-दो बेंच पर कुछ बुजुर्ग व महिलाएं ही बैठी दिखीं। सभी के चेहरे पर सवाल और जिज्ञासा तैर रही थी। दबी जुबान में हादसे की चर्चा भी हो रही थी।



