


अहमदाबाद, 7 फरवरी 2026: गुजराती फिल्म उद्योग की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने वाली प्रतिष्ठित पहल GIFA – Gujarati Iconic Film Awards ने अपने 10वें वर्ष में प्रवेश करते हुए ‘गोल्डन डिकेड’ के भव्य उत्सव के साथ वर्ष 2025 के लिए कुल 24 श्रेणियों की नामांकन सूची की आधिकारिक घोषणा 6 फरवरी 2025 को की। यह विशेष घोषणा कार्यक्रम GIFA के संस्थापक हेतल ठक्कर और अरविंद वेगड़ा के साथ-साथ गुजराती फिल्म उद्योग के अनुभवी एवं प्रतिष्ठित जूरी सदस्यों श्री मिहिर भुता, श्री विनोद गणात्रा, श्री श्रीनिवास पात्रो, श्री बिपिन बापोदरा, सुश्री शीतल शाह, श्री जिग्नेश पटेल, श्री बुर्ज़िन उनवाला और श्री राकेश पुजारा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। दस वर्षों की निरंतर सफल यात्रा का उत्सव यह कार्यक्रम GIFA की उपलब्धियों, विश्वसनीयता और फिल्म उद्योग में उसके योगदान को दर्शाता है।
इस गोल्डन डिकेड के अंतर्गत, वर्ष 2025 में रिलीज़ हुई 86 फिल्मों में से GIFA में भाग लेने वाली 72 गुजराती फिल्मों की सर्वश्रेष्ठ कृतियों और प्रतिभाओं को 24 श्रेणियों में नामांकित किया गया है। इनमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म, निर्देशन, अभिनेता-अभिनेत्री, सहायक अभिनय, संगीत, गीत लेखन, पृष्ठभूमि संगीत तथा विभिन्न तकनीकी श्रेणियां शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी में चयन पूरी तरह पारदर्शी, गुणवत्ता-आधारित और निष्पक्ष मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।
इस अवसर पर जूरी सदस्यों ने बताया कि GIFA के दस वर्षों के अनुभव और प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष चयन प्रक्रिया को और अधिक सख्त एवं पेशेवर मानकों के अनुसार संपन्न किया गया, ताकि वास्तव में योग्य प्रतिभाओं को उचित सम्मान मिल सके।
GIFA के हेतल ठक्कर ने अपने संबोधन में कहा, “GIFA के दस वर्ष पूर्ण होना केवल एक मील का पत्थर नहीं है, बल्कि गुजराती सिनेमा के विकास और उसकी वैश्विक पहचान की सफल यात्रा का उत्सव है। इस गोल्डन डिकेड में हम अतीत की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य की नई दिशा भी निर्धारित कर रहे हैं।”
साथ ही अरविंद वेगड़ा ने कहा, “गुजराती सिनेमा, संगीत और संस्कृति को एक साथ उत्सव के रूप में प्रस्तुत करने वाली GIFA जैसी पहलें आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गोल्डन डिकेड का यह उत्सव पूरे उद्योग के लिए गर्व का विषय है।”
GIFA – Gujarati Iconic Film Awards 2025 की नामांकन घोषणा और गोल्डन डिकेड के इस प्रारंभिक चरण के साथ ही पूरे गुजराती फिल्म उद्योग में उत्साह, गौरव और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। टाइटल स्पॉन्सर नुवोको सीमेंट, मेन स्पॉन्सर वसंत मसाला, व्रज ज्वेलर्स एवं गुजरात टूरिज़्म (एसोसिएट स्पॉन्सर), कॉम्प्लेक्स – सिनेमा पार्टनर और रेडियो फीवर – रेडियो पार्टनर के सहयोग से GIFA 2025 की आइकॉनिक अवॉर्ड नाइट का आयोजन 28 फरवरी को नारायणी हाइट्स होटल में किया जाएगा। अब फिल्म उद्योग और दर्शक दोनों ही आगामी अवॉर्ड नाइट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


