आरएनटीयू तैयार करेगा प्रवासी साहित्य का समग्र डेटाबेस, विश्वरंग के दूसरे दिन हिंदी के वैश्विक विस्तार और आर्थिक संभावनाओं पर हुआ मंथन
विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 : प्रवासी साहित्य को मुख्यधारा की आलोचना में समुचित स्थान देने पर जोर, हिंदी शिक्षण, तकनीक और रोजगार की संभावनाओं पर हुआ विमर्श

भोपाल, 28 नवंबर। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में आयोजित तीन दिवसीय विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 के दूसरे दिन प्रवासी साहित्य, हिंदी की वैश्विक स्थिति, भाषा शिक्षण, अनुवाद, प्रकाशन और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। साहित्यिक सत्रों में प्रवासी साहित्य को हिंदी की मुख्यधारा में समुचित स्थान देने, उसके मूल्यांकन के लिए नए आलोचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और हिंदी की वैश्विक संभावनाओं को विस्तार देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विश्वरंग के निदेशक एवं आरएनटीयू के कुलाधिपति वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. संतोष चौबे, वरिष्ठ कवि एवं आलोचक प्रो. जितेंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. करुणाशंकर उपाध्याय, वरिष्ठ साहित्यकार एवं आलोचक मनोज श्रीवास्तव, लीलाधर मंडलोई, वरिष्ठ रचनाकार प्रो. सत्यकेतु सांकृत, युवा साहित्यकार डॉ. आशुतोष, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (एसजीएसयू) के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, डॉ. जवाहर कर्णावत, आरएनटीयू के कुलगुरु प्रो आरपी दुबे, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी समेत देश-विदेश से आए साहित्यकारों और भाषा विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
प्रवासी साहित्य के मूल्यांकन के लिए विकसित हों नए आलोचनात्मक दृष्टिकोण
‘प्रवासी भारतीय साहित्य और मुख्यधारा हिंदी आलोचना’ विषय पर आयोजित सत्र में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और विश्वरंग के निदेशक डॉ. संतोष चौबे ने अध्यक्षता की। सत्र में वरिष्ठ कवि प्रो. जितेंद्र श्रीवास्तव, साहित्यिक विद्वान प्रो. करुणाशंकर उपाध्याय, लेखक एवं आलोचक मनोज श्रीवास्तव, वरिष्ठ साहित्यकार लीलाधर मंडलोई, प्रो. सत्यकेतु सांकृत और युवा लेखक डॉ. आशुतोष ने विचार साझा किए। युवा कथाकार और वनमाली कथा पत्रिका के संपादक कुणाल सिंह ने संचालन किया।
डॉ. संतोष चौबे ने कहा कि प्रवासी साहित्य विविध अनुभवों और रचनात्मक संभावनाओं से समृद्ध है। इसे मुख्यधारा की हिंदी आलोचना में उचित स्थान मिलना चाहिए। साहित्य का मूल्यांकन वैचारिक पूर्वाग्रहों से मुक्त और निष्पक्ष होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रवासी साहित्य की रचनाएं एक जगह संकलित नहीं होने के कारण आलोचकों तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच पातीं। इसी उद्देश्य से आरएनटीयू में प्रवासी शोध केंद्र स्थापित किया गया है। केंद्र प्रवासी साहित्य का समग्र डेटाबेस तैयार करेगा और उसके आलोचनात्मक मूल्यांकन को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने प्रवासी लेखकों से अपनी रचनाएं केंद्र को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
उन्होंने विश्वरंग की साहित्यिक प्रकाशन यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2019 में पहले विश्वरंग के दौरान आईसेक्ट ने मुख्यधारा और प्रवासी साहित्य को समाहित करते हुए 18 पुस्तकें प्रकाशित की थीं। विश्वरंग के आठवें संस्करण में प्रवासी लेखकों की 21 पुस्तकें प्रकाशित की गईं।
प्रो. जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि प्रवासी और मुख्यधारा, दोनों साहित्य में आलोचनात्मक सीमाएं और पूर्वाग्रह मौजूद हैं। आलोचना केवल अकादमिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि दार्शनिक दृष्टि से भी जुड़ी है। उन्होंने विश्वरंग के मंच को महत्वपूर्ण बताया।
प्रो. करुणाशंकर उपाध्याय ने कहा कि साहित्य का मूल्यांकन उसकी मौलिकता, नवीनता और गहराई के आधार पर होना चाहिए। आलोचक में सहयात्री भाव और परकाया प्रवेश की संवेदनशीलता जरूरी है। प्रवासी साहित्य को कमतर मानने के बजाय रचनाकारों में आत्मालोचन की दृष्टि विकसित होनी चाहिए।
मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदी साहित्य अब वैश्विक परिदृश्य में विकसित हो रहा है। मुख्यधारा और प्रवासी साहित्य का मूल्यांकन बहुभाषिक तथा उत्तर-औपनिवेशिक अनुभवों को ध्यान में रखकर होना चाहिए। इसके लिए नए आलोचनात्मक मानदंड विकसित करने की आवश्यकता है।
लीलाधर मंडलोई ने प्रवासी साहित्य में मातृभूमि, भाषा और नए परिवेश की स्मृतियों के संबंध को रेखांकित किया। उन्होंने प्रेम, करुणा और मानवता को विश्व साहित्य के केंद्रीय मूल्य बताया। साथ ही अकादमिक आलोचना और रचनात्मक आलोचना के बीच अंतर समझने की जरूरत पर जोर दिया।
प्रो. सत्यकेतु सांकृत ने कहा कि प्रवासी साहित्य हिंदी साहित्य का अभिन्न हिस्सा है, कोई हाशिये की विधा नहीं। इसके मूल्यांकन में वैचारिक आग्रहों और नॉस्टेल्जिया के आधार पर सीमाएं तय नहीं होनी चाहिए। साहित्य को केंद्र में रखते हुए नए मूल्यांकन उपकरण विकसित किए जाने चाहिए।
डॉ. आशुतोष ने विस्थापन, सांस्कृतिक संकट, आध्यात्मिक अकेलेपन और नागरिकता जैसे प्रश्नों को प्रवासी साहित्य के महत्वपूर्ण विषय बताते हुए संवेदनशील आलोचना की आवश्यकता रेखांकित की।
इस अवसर पर वरिष्ठ लेखक गोपालकृष्णन के संपादन में प्रवासी साहित्य पर केंद्रित ‘जनविकल्प’ के विशेषांक का विमोचन हुआ।
विदेश में हिंदी शिक्षण में तकनीक और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा
‘विदेश में हिंदी शिक्षण : पाठ्यक्रम, नई तकनीक और नई चुनौतियां’ सत्र में शालिनी वर्मा (कतर) ने तकनीक के उपयोग, भाषाई शुद्धता और नई पीढ़ी तक भाषा की विरासत पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। अनीता कोतलावल (श्रीलंका) ने बदलती तकनीक के अनुरूप पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों और पाठ्यक्रम में बदलाव की आवश्यकता बताई। निलुफर खोदजायेवा (उज्बेकिस्तान) ने वर्ष 1947 से वहां जारी हिंदी शिक्षण परंपरा और स्नातक से पीएचडी स्तर तक अध्ययन एवं शोध कार्यों पर प्रकाश डाला। अमिताभ सक्सेना ने अध्यक्षीय उद्बोधन में तकनीकी चुनौतियों को अवसरों में बदलने और हिंदी को रोजगार से जोड़कर उसके वैश्विक विस्तार पर जोर दिया।
भाषा उद्योग में हिंदी के रोजगार अवसरों को पहचानने का आग्रह
‘हिंदी का आर्थिक परिदृश्य : वैश्विक बाजार, रोजगार और भाषा उद्योग’ सत्र की अध्यक्षता एसजीएसयू के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने की। उन्होंने भाषा उद्योग में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से विद्यार्थियों को अवगत कराने और वैश्विक रोजगार के लिए भाषाई दक्षता विकसित करने पर जोर दिया।
पुनीत मिश्र ने बैंक ऑफ बड़ौदा के कॉल सेंटर में लगभग 79 प्रतिशत कॉल हिंदी में आने का उल्लेख करते हुए आर्थिक जगत में हिंदी और बहुभाषी सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता रेखांकित की। डॉ. कृष्ण कन्हैया (यूके) ने सिनेमा, पत्रकारिता, डिजिटल माध्यमों और वैश्विक व्यापार में हिंदी की बढ़ती उपयोगिता तथा हिंदी आधारित सॉफ्टवेयर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। जवाहर कर्णावट ने रोजगार में अंग्रेजी की अनावश्यक अनिवार्यता समाप्त कर हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं के माध्यम से अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। राजेंद्र श्रीवास्तव ने विज्ञापनों और फिल्मी संवादों का उदाहरण देते हुए हिंदी के भावनात्मक प्रभाव और सांस्कृतिक पहचान से उसके जुड़ाव को रेखांकित किया। सत्र का संचालन विकास अवस्थी ने किया।
देवनागरी के मानकीकरण और डिजिटल विस्तार पर विमर्श
‘देवनागरी लिपि का मानकीकरण और इसके प्रयोग की चुनौतियां’ सत्र की अध्यक्षता रामा तक्षक (नीदरलैंड) ने की। उन्होंने देवनागरी की वैज्ञानिकता, 12 भाषाओं में इसके प्रयोग और मानकीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए यूनिकोड को हिंदी के डिजिटल विस्तार में महत्वपूर्ण बताया। बीर बहादुर (नेपाल) ने नेपाली भाषा और देवनागरी के सांस्कृतिक संबंध तथा तकनीकी माध्यमों से लिपि की बढ़ती सुलभता पर विचार रखे। इंदु नांदला (इंडोनेशिया) ने बच्चों को देवनागरी से जोड़ने और परिवारों के माध्यम से हिंदी भाषा एवं लिपि के संरक्षण का आग्रह किया। सत्र में ‘साहित्य का विश्वरंग’ पत्रिका सहित तीन प्रकाशनों का लोकार्पण हुआ। सत्र का संचालन राकेश कुमार ने किया।
अनुवाद भारतीय भाषाओं के वैश्विक विस्तार का माध्यम
‘ज्ञान की आवाजाही : भारतीय भाषाएं और अनुवाद का वैश्विक संसार’ सत्र की अध्यक्षता मृदुल कीर्ति (ऑस्ट्रेलिया) ने की। उन्होंने ऐसी भाषा के प्रयोग पर जोर दिया, जो सुनने वाले की आत्मा को स्पर्श करे। उन्होंने लगभग 10 हजार मंत्रों के अनुवाद के अपने अनुभव साझा किए। वी.जी. गोपालकृष्णन ने ज्ञान के आदान-प्रदान को मानव सभ्यता की प्रगति का आधार बताते हुए भारतीय भाषाओं के साहित्य और संस्कृति को एक-दूसरे तक पहुंचाने में अनुवाद की भूमिका रेखांकित की। रविंद्र कात्यायन ने अनुवाद में मूल रचना के भाव, संस्कृति और सभ्यतागत विशेषताओं को सुरक्षित रखने की चुनौती पर प्रकाश डाला। प्रो. पुनीत बिसारिया ने साहित्यकारों से अपनी रचनाओं के अनुवाद के लिए स्वयं पहल करने और बहुभाषिक दक्षता विकसित करने का आग्रह किया। सत्र का संचालन निलुफर खोदजायेवा (उज्बेकिस्तान) ने किया। इस अवसर पर सुनीता शर्मा की पुस्तक ‘मुड़े हुए पन्ने’ का विमोचन हुआ।
प्रवासी हिंदी साहित्य के प्रकाशन में नए अवसरों पर चर्चा
‘प्रवासी हिंदी साहित्य का प्रकाशन संसार—अवसर, अवरोध और स्वीकार्यता’ सत्र की अध्यक्षता डॉ. संतोष चौबे ने की। उन्होंने डिजिटल माध्यमों से प्रवासी साहित्य की बढ़ती पहुंच और नए पाठक वर्ग का उल्लेख करते हुए लेखकों के लिए सब्सक्रिप्शन मॉडल विकसित करने की संभावना जताई। दिव्या माथुर (यूके) ने प्रवासी हिंदी लेखकों को अंग्रेजी लेखकों के समान साहित्यिक महत्व और पहचान देने की आवश्यकता बताई। अर्चना पैन्यूली (डेनमार्क) ने साहित्य सृजन के साथ प्रकाशन और उचित पाठकों तक कृति पहुंचाने की चुनौतियों पर चर्चा की। ज्योति रघुवंशी ने आईसेक्ट प्रकाशन द्वारा प्रवासी साहित्य के प्रकाशन और उसकी पाठकीयता का उल्लेख किया। दीपक पांडेय ने प्रवासी पत्रिकाओं और डिजिटल माध्यमों की भूमिका रेखांकित करते हुए भोपाल को प्रवासी साहित्य का केंद्र बनाने की बात कही। सत्र का संचालन संजय सिंह राठौर ने किया।
भारतीय ज्ञान परंपरा के वैश्विक महत्व पर विमर्श
‘भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता’ सत्र की अध्यक्षता संदीप अवस्थी ने की और संचालन सावित्री सिंह परिहार ने किया। धर्मदेव विद्यार्थी ने भारत की ऐतिहासिक ज्ञान परंपरा और वैश्विक सभ्यता में उसके योगदान को रेखांकित किया। डॉ. प्रतिभा सिंह ने ज्ञान के पीढ़ीगत हस्तांतरण को भारतीय परंपरा का आधार बताया। डॉ. रश्मि राज वर्मा ने ‘ॐ’ के आध्यात्मिक महत्व पर विचार रखे। आत्माराम शर्मा ने रामकथा के विविध रूपों का उदाहरण देते हुए स्वीकृति को भारतीय ज्ञान परंपरा का मूल मूल्य बताया। अरुणेश शुक्ल ने करुणा, अहिंसा और सृजनशीलता की वैश्विक प्रासंगिकता पर जोर दिया। अध्यक्ष संदीप अवस्थी ने आत्मनिर्भरता, शांति और संतोष के भारतीय दृष्टिकोण को इसकी वैश्विक स्वीकार्यता का आधार बताया।
अंतरराष्ट्रीय काव्य पाठ में देश-विदेश के कवियों ने बांधा समां
विश्वरंग प्रवासी उत्सव के दूसरे दिन आयोजित अंतरराष्ट्रीय काव्य पाठ के अंतिम सत्र में देश-विदेश के कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रेम, रिश्तों, प्रवास, स्मृतियों, मातृभाषा और जीवन के विभिन्न भावों को स्वर दिया। सत्र की अध्यक्षता विश्वरंग के निदेशक संतोष चौबे ने की, जबकि संचालन बद्र वास्ती ने किया।
काव्य पाठ में अमेरिका से अनूप भार्गव, सिंगापुर से विनोद दुबे और नीतू गुजराल, कतर से शालिनी वर्मा, कनाडा से सरस दरबारी, म्यांमार से चिंतामणि मास्टर, यूके से शिखा वार्ष्णेय और कृष्ण कन्हैया, इंडोनेशिया से इंदू नांदला सहित लीलाधर मंडलोई, जितेंद्र श्रीवास्तव, नुसरत मेंहदी, बलराम गुमास्ता, प्रेमरंजन अनिमेष, प्रेमशंकर शुक्ल, अनिल जोशी, प्रतिभा सिंह, मोहन सगोरिया, मुदित श्रीवास्तव, मौसमी परिहार और संजय सिंह राठौर ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
सिंगापुर के कवि विनोद दुबे ने अपनी कविताओं में रिश्तों की आत्मीयता और प्रवासी जीवन के भावों को उकेरा। उनकी रचनाओं में एक ओर जीवनसाथी के प्रति प्रेम और छोटी-छोटी खुशियों की चाह दिखाई दी, तो दूसरी ओर प्रवासी भारतीय के मन में बसे भारत और अपनी जड़ों की स्मृतियां भी सामने आईं। उनकी कविता में विदेश में रहते हुए भी भारत से भावनात्मक जुड़ाव और अपनी पहचान की तलाश को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया गया।
अमेरिका के अनूप भार्गव ने भावनाओं, समय और प्रेम से जुड़ी कविताएं प्रस्तुत कीं। उनकी रचनाओं में “लम्हे भर का कर्ज लिया था, सदियां बीत गईं लौटाते…” जैसे भावों के साथ प्रेम और स्मृतियों की गहराई दिखाई दी। नीतू गुजराल ने ‘बेघर सी लड़कियां’ कविता के माध्यम से स्त्री जीवन, संघर्ष और उसके भीतर मौजूद जीवटता को अभिव्यक्त किया।
इसी क्रम में मृदुल कीर्ति ने ‘आ गया तट’ तथा चिंतामणि वर्मा ने ‘मेरी मातृभाषा मेरी पहचान’ कविता का पाठ किया। काव्य पाठ के दौरान देश और विदेश से जुड़े कवियों की रचनाओं में स्थानीय अनुभवों के साथ प्रवासी जीवन की स्मृतियां, मातृभूमि के प्रति लगाव, भाषा और पहचान के सवाल तथा मानवीय रिश्तों की संवेदनशीलता प्रमुखता से उभरकर सामने आई।
कवयित्री मौसमी परिहार ने ‘कोई दरवाजे पर आया दस्तक देकर चला गया’, ‘पांच तत्व का मिटना तय है, छठे तत्व का रहना’ और ‘जिस फ्रेम में तस्वीर थी, वो फ्रेम खाली हो गई’ जैसी कविताओं के माध्यम से जीवन, स्मृति और रिश्तों की संवेदनशीलता को अभिव्यक्त किया। मोहन सगोरिया ने प्रेम और समर्पण से जुड़ी पंक्तियों से श्रोताओं को भावविभोर किया, वहीं मुदित श्रीवास्तव ने कविता ‘उधार’ के माध्यम से प्रेम की कोमल अनुभूति को प्रस्तुत किया



