सेकेंडरी सेक्शन का 59वाँ वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

भोपाल 28 नवम्बर, पीएम श्री डेमोंस्ट्रेशन मल्टीपर्पज स्कूल, भोपाल के सेकेंडरी सेक्शन का 59वाँ वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा के माननीय सदस्य श्री भगवानदास सबनानी थे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री प्रकाश श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह का शुभारंभ माध्यमिक विभाग की छात्राओं ने “हे अतिथि आप पधारे, स्वागत है आपका” गीत पर भरतनाट्यम शैली में स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर किया। इसके बाद सेकेंडरी सेक्शन के विद्यार्थियों ने ज़ुम्बा नृत्य के माध्यम से शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। पलक पिपलोदे एवं शिल्पी सेन ने कथक की तराना शैली में युगल नृत्य प्रस्तुत किया, सीनियर सेकेंडरी की छात्राओं ने मध्य प्रदेश के लोकनृत्यों पर आधारित समूह नृत्य के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखाई।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण केरल की पारंपरिक नृत्य शैली ‘केरल नादनम’ में प्रस्तुत रामलीला रही। विद्यार्थियों ने भावपूर्ण नृत्य, सुंदर मुद्राओं और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीराम की जीवन-यात्रा को मंच पर साकार किया। प्रस्तुति में सीता स्वयंवर, कैकेयी के दो वरदान, श्रीराम, सीता और लक्ष्मण का वनवास, शूर्पणखा प्रसंग, सीता हरण, हनुमान जी की भक्ति, रामसेतु निर्माण तथा श्रीराम-रावण युद्ध जैसे प्रमुख प्रसंग दर्शाए गए। अंत में धर्म की अधर्म पर विजय और भगवान श्रीराम एवं माता सीता के राज्याभिषेक का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस नृत्य नाटिका के गीत एवं नृत्य निर्देशन क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, भोपाल के सहायक प्राध्यापक डॉ. पी. वी. मधुसूदनन ने किया।
समारोह की विविध प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि को उजागर किया। कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व को रेखांकित करते हुए उपस्थित जनों को आनंदित किया।






