सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ़ इंडिया (कम्युनिस्ट) ने जन समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन
सरकार विकास के नाम पर बस्तियां उजाड़ रही है- मुदित भटनागर


दिनांक 16 फरवरी को सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ़ इंडिया (कम्युनिस्ट) के द्वारा चेतक ब्रिज चौराहा पर, प्रदेश में बिजली के निजीकरण को तेज करने वाले प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने, शासकीय अस्पतालों को पीपीपी मॉडल पर निजी मुनाफे के लिए सौंपने,अलग अलग नामों से बस्तियां उजाड़ने प्रदेश के 94 हजार सरकारी स्कूलों को बंद करने पर्यावरण को नष्ट कर जल जंगल जमीन से आदिवासियों को बेदखल करने की साजिश के खिलाफ प्रदेश व्यापी विरोध सप्ताह के अंतर्गत विरोध प्रदर्शन किया गया ।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ़ इंडिया (कम्युनिस्ट) के जिला सचिव
कामरेड मुदित भटनागर ने बताया कि एक के बाद एक आम जन जीवन पर हो रहे हमलों ने लोगों की परेशानियों को कई गुना बढ़ा दिया है। महंगाई-बेरोजगारी की मार लगातार बढ़ती जा रही है । सरकार विकास के नाम पर बस्तियां उजाड़ रही हैं। भोपाल के अलग-अलग इलाकों में बस्तियों पर बुलडोजर चलाकर लोगों को बेघर किया जा रहा है। इंदौर के भागीरथपुरा में गंदा पानी पीने से 35 से ज्यादा लोगों की मौतें हो गई। इसके बावजूद शहरों में पानी की जांच के कोई इंतजाम नहीं है। भोपाल में पेयजल सप्लाई के पाइप नालियों से होकर गुजर रहे हैं। इन सबके बावजूद जनता सरकार का विरोध न करें इसके लिए सांप्रदायिक उन्माद को बढ़ावा दिया जा रहा है। लोगों को हिंदू मुसलमान में बांटकर उनको लड़ाया जा रहा है। धर्म के नाम पर, जाति के नाम पर लोगों के बीच दूरियां पैदा की जा रही है। क्रांतिकारी पार्टी एस यू सी आई (कम्युनिस्ट) आम जनता की एकता को मजबूत बनाते हुए हुए लगातार आंदोलन संचालित कर रही है। पूरे राज्य भर में 12 से लेकर 17 फरवरी तक एक राज्यव्यापी विरोध सप्ताह आयोजित किया गया है। जिसमें जनमुद्दों को लेकर आंदोलन को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। हम आप सभी से अपील करते हैं कि मोहल्ला- गांव – शहरों में जन कमेटियों का निर्माण कर जनता के आंदोलन की ताकत को मजबूत करें।
प्रदर्शन को विनोद लोगारिया ने भी संबोधित किया।
विरोध प्रदर्शन का संचालन आरती शर्मा द्वारा किया गया। विरोध प्रदर्शन के अंत में जोरदार नारों के साथ प्रदर्शन समाप्त किया गया।



